वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर की टीम इंडिया में एंट्री, कब और कहां खेलंगे भारत के लिए पहला मैच?
Aaryavir Sehwag: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग के लिए यह एक खास मौका आया है। उनको अब टीम इंडिया से बुलावा आ गया है। हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग के दौरान उनके बल्ले से आए कुछ शॉट वायरल हुए थे।
आर्यवीर सहवाग को पहली बार भारत की अंडर 19 टीम में शामिल किया गया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। इसे उनके करियर की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

दिल्ली प्रीमियर लीग में दिखा आक्रामक अंदाज
दाएं हाथ के बल्लेबाज आर्यवीर हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में वेस्ट दिल्ली लायंस के लिए खेलते नजर आए थे। अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी और बड़े शॉट खेलने की क्षमता के कारण उन्होंने ध्यान खींचा। उनके खेलने के अंदाज की तुलना अक्सर उनके पिता वीरेंद्र सहवाग से भी की जाती रही है।
आर्यवीर इससे पहले कूच बिहार ट्रॉफी में अपनी बड़ी पारी से सुर्खियां बटोर चुके हैं। 2024 में उन्होंने मेघालय के खिलाफ 297 रन की शानदार पारी खेली थी। इस प्रदर्शन ने उनकी बल्लेबाजी क्षमता की एक झलक पहले ही दिखा दी थी।
अन्वय द्रविड़ भी वनडे टीम का हिस्सा
भारत की अंडर 19 वनडे टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ को भी जगह मिली है। वह टीम में अपनी जगह बरकरार रखने में सफल रहे हैं। अन्वय ने जुलाई में श्रीलंका दौरे के दौरान भारत U 19 के लिए 87 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी।
हालांकि आर्यवीर और अन्वय दोनों को मल्टी-डे मुकाबलों के लिए चुनी गई टीम में शामिल नहीं किया गया है। यानी इस दौरे पर दोनों खिलाड़ियों को वनडे प्रारूप में ही अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
सितंबर में शुरू होगी वनडे सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर 19 वनडे सीरीज के तीनों मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। पहला मैच 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा 23 सितंबर को होगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच दो मल्टी-डे मुकाबले भी खेले जाएंगे। पहला मल्टी-डे मैच 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में होगा। वहीं दूसरा मुकाबला 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
भारत की अंडर 19 वनडे टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकटा, काव्या पटेल।
भारत की अंडर 19 मल्टी-डे टीम: यशवर्धन चौहान (कप्तान), लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), सागर वीरक, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा, आर्यन यादव।


Click it and Unblock the Notifications
