Asia Cup 2023: विराट कोहली ने श्रीलंकाई खिलाड़ियों को दिया जीत का मंत्र, समझाया फिटनेस का महत्व, देखें Video
Sri Lanka vs Bangladesh: एशिया कप के सुपर फोर स्टेज का दूसरा मैच शनिवार, 9 सितंबर को श्रीलंका (SL) और बांग्लादेश (BAN) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये भिड़ंत कोलंबो के आर प्रेमदासा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर तीन बसे से होगी। इस रोचक मुकाबले से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने श्रीलंका में उभरते क्रिकेटरों से मुलाकात की और उनके साथ टिप्स शेयर किए।
दरअसल, आधुनिक युग के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले विराट कोहली की दुनिया भर में बड़ी संख्या में फैन फॉलोइंग हैं। कोहली इस समय एशिया कप 2023 के चलते भारतीय टीम के साथ श्रीलंका में हैं। शुक्रवार को स्टार बल्लेबाज ने श्रीलंका के उभरते क्रिकेटरों के साथ बातचीत की और उनके साथ जरूरी टिप्स शेयर किए।

भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कोहली को युवा क्रिकेटरों के साथ बातचीत करते देखा जा सकता है। इस दौरान पूर्व भारतीय कप्तान ने खिलाड़ियों को मैच में आगे रहने के लिए छोटी-छोटी बारीकियों पर काम करने के महत्व के बारे में बताया। साथ ही तैयारी और फिटनेस के महत्व के बारे में भी समझाया।
भारतीय टीम कोलंबो में 10 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने की उम्मीद से मैदान पर उतरेगी। इस महीने की शुरुआत में पल्लेकेले में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का ग्रुप-स्टेज मैच बारिश के कारण बिना किसी नतीजे के समाप्त हो गया।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के खिलाफ भारत के मैच से पहले एसीसी ने रविवार को कोलंबो में खराब मौसम की भविष्यवाणी के बाद 11 सितंबर को रिजर्व डे की घोषणा कर दी। यदि खेल के दौरान बारिश के कारण मैच रद्द करना पड़ता है तो मैच 11 सितंबर को वहीं से शुरू होगा, जहां से रोका गया था।












Click it and Unblock the Notifications