विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का पर लुटाया प्यार, क्यूट फोटो शेयर कर सरेआम कही दिल की बात
एशिया कप में आखिकार लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के बल्ले से रन निकल रहे हैं। हांगकांग के खिलाफ विराट कोहली ने अर्धशतक जड़कर कुछ हद तक आलोचकों को शांत करने का काम किया।
नई दिल्ली, 2 सितंबर। एशिया कप में आखिकार लंबे समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली के बल्ले से रन निकल रहे हैं। हांगकांग के खिलाफ विराट कोहली ने अर्धशतक जड़कर कुछ हद तक आलोचकों को शांत करने का काम किया। एशिया कप के आने वाले मुकाबलों में अब कोहली के बल्ले से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। मैदान पर धमाल मचाने वाले कोहली लव लाइफ के कारण भी चर्चाओं में बने रहते हैं।

कोहली ने शेयर की अनुष्का की प्यारी सी तस्वीर
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा सोशल मीडिया के जरिए अक्सर एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार को दिखाते रहते हैं। छह महीने और 11 पारियों के बाद जब कोहली ने अर्धशतक लगाया तो अनुष्का ने अपने इंस्टाग्राम पर हार्ट इमोजी लगाकर खुशी जाहिर की। अब विराट कोहली ने अनुष्का शर्मा की एक बेहद प्यारी तस्वीर शेयर की है। जिसके साथ कोहली ने दिल को छू लेने वाला कैप्शन डाला है।

दिल की इमोजी बनाकर जताया प्यार
विराट कोहली ने अनुष्का शर्मा के प्रति अपना प्यार इंस्टाग्राम के कैप्शन के जरिए दुनिया को बताने की कोशिश की है। उन्होंने अपने कैप्शन में वर्ल्ड और दिल का इमोजी शेयर किया है। जिसका मतलब साफ है कि कोहली अनुष्का को अपनी दुनिया मानते हैं और उनसे बेइंतहा मोहाब्बत करते हैं। फैंस को उनका यह अंदाज खूब पसंद आ रहा है और वह लगातार इस पर कमेंट्स कर रहे हैं।

साल 2017 में हुई थी कोहली-अनुष्का की शादी
विराट कोहली ने साल 2017 के दिसंबर महीने में अनुष्का शर्मा के साथ शादी की थी। हालांकि, इससे पहले इन दोनों ने एक दूसरे को बहुत लंबे समय तक डेट भी किया था। कई मौकों पर स्टेडियम में आकर अनुष्का शर्मा टीम को सपोर्ट करती दिखीं और उन्हें हाल ही में अपने पति को भी चीयर करते हुए देखा गया था। अनुष्का शर्मा अपनी अगली फिल्म क्रिकेट बायोपिक पर काम कर रही हैं, जिसमें उन्हें विराट कोहली से भी खासी मदद मिल रही है।

ऐसा रहा है कोहली का करियर
वहीं विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में अब तक 102 टेस्ट मैच की 173 पारियों में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 262 एकदिवसीय मुकाबलों में कोहली ने 57.68 की औसत और 92.83 के स्ट्राइक रेट से 12344 रन जड़े हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक ठोके हैं। वहीं 101 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 3402 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 31 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली एशिया कप में टीम के लिए अहम खिलाड़ी साबित हो रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications