विराट कोहली के फॉर्म पर रोहित शर्मा ने कही बड़ी बात, 'यार बंदे में दम है...बस 1-2 मैच लगेंगे फॉर्म में आने में
लंदन, जुलाई 15। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने एकबार फिर विराट कोहली का साथ दिया है। दरअसल, गुरुवार को दूसरे वनडे मैच में हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों ने रोहित शर्मा से फिर विराट को लेकर सवाल किए और उन्होंने विराट का पूरा-पूरा सपोर्ट किया। हालांकि इस दौरान रोहित शर्मा रिपोर्टर के पूछे गए सवाल पर थोड़ा सा नाराज नजर आए और उन्होंने कहा कि भाई विराट को लेकर चर्चा हो ही क्यों रही है, मुझे यह समझ नहीं आता? रोहित ने कहा कि ऐसा कोई क्रिकेटर नहीं रहा है, जिसके करियर में बुरा दौर नहीं आता।

विराट को आश्वासन की जरूरत नहीं है- रोहित
रोहित शर्मा ने रिपोर्टर के सवाल का जवाब देते हुए कहा, "उन्होंने (विराट) इतने सारे मैच खेले हैं और इतने साल से क्रिकेट खेल रहे हैं, मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी तरह के आश्वासन की जरूरत है। ऐसा समय हर क्रिकेटर के करियर में आता है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि हर क्रिकेटर का फॉर्म ऊपर-नीचे जाता रहता है और किसी के साथ ऐसा होता है।" रोहित ने इस दौरान कोहली का फुल सपोर्ट करते हुए कहा कि वो इतने महान प्लेयर हैं कि उनके लिए फॉर्म में आना सिर्फ 1-2 मैच का खेल है।

दूसरे वनडे में भी फ्लॉप रहे कोहली
आपको बता दें कि गुरुवार को दूसरे वनडे में विराट कोहली ग्रोइंड इंजरी के बाद टीम में वापस लौटे थे। टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोहली से वनडे सीरीज में उम्मीद थी कि वो यहां रन जरूर बनाएंगे। हालांकि उन्होंने शुरुआत काफी अच्छी की थी, लेकिन फिर वो अपनी पारी को ज्यादा लंबा नहीं चला पाए और 25 गेंदों में सिर्फ 16 रन बनाकर आउट हो गए। विराट का विकेट डेविड विली ने लिया।

2019 के बाद से विराट ने नहीं बनाया शतक
आपको बता दें कि विराट का खराब फॉर्म वैसे तो पिछले 3 साल से जारी है, क्योंकि 2019 के बाद से उनके बल्ले से एक भी शतक नहीं निकला है। नवंबर 2019 में उन्होंने आखिरी शतक लगाया था। आईपीएल 2022 के बाद से विराट का प्रदर्शन और खराब हो गया है। पूरे आईपीएल में विराट रनों के लिए जूझते रहे। आईपीएल खत्म होने के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 और फिर आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर रखा था। विराट ने फिर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से वापसी की थी, लेकिन टेस्ट मैच की दोनों पारियों में विराट फेल रहे और फिर इंग्लैंड के खिलाफ ही टी20 सीरीज में उनका बल्ला नहीं बोला।












Click it and Unblock the Notifications