IND vs ENG: खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली को मिला बाबर आजम का सपोर्ट, वायरल हुआ ट्वीट
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं।
नई दिल्ली, 15 जुलाई: पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली इन दिनों खराब दौर से गुजर रहे हैं। टेस्ट, वनडे से लेकर टी20 तक में उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। विराट की फॉर्म की दिग्गज क्रिकेटर से लेकर फैंस तक लगातार आलोचना कर रहे हैं। वहीं कुछ वर्तमान और पूर्व खिलाड़ी कोहली का बचाव भी कर रहे हैं। हाल ही में कपिल देव की टिप्पणी के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने विराट का बचाव किया था और उनके साथ खड़े नजर आए थे। वहीं अब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने भी विराट कोहली का सपोर्ट किया है।

बाबर का ट्वीट हुआ वायरल
बाबर आजम ने विराट कोहली के समर्थन में एक ट्वीट किया है। उनका यह ट्वीट अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाबर ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से अपनी और विराट कोहली की एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ कैप्शन में बाबर ने लिखा, यह भी बीत जाएगा। मजबूत रहो। #ViratKohli। बता दें कि रन मशीन के नाम से मशहूर विराट कोहली ने लगभग तीन साल से कोई शतक नहीं लगाया है। वह लगातार रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भी वह फेल रहे।
This too shall pass. Stay strong. #ViratKohli pic.twitter.com/ozr7BFFgXt
— Babar Azam (@babarazam258) July 14, 2022

विराट ने बनाए 16 रन
गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में विराट कोहली ने वापसी की। इस मैच में भी वह एक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। विराट ने 25 गेंदों पर 16 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 3 चौके निकले। डेविड विली के गेंद पर जोस बटलर ने विराट का कैच लपका। वहीं भारत को दूसरे वनडे में 100 रन से हार का सामना करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 49 ओवर में 10 विकेट खोकर 246 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 38.5 ओवर में 146 रन बनाकर ही ढेर हो गई। भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने 4 तो इंग्लैंड की ओर से रीस टोपली ने 6 विकेट लिए।

विराट कोहली का करियर
विराट कोहली ने अपने इंटरनेशनल करियर में 102 टेस्ट मैच की 173 इनिंग में 49.53 की औसत और 55.68 के स्ट्राइक रेट से 8074 रन बनाए हैं। उन्होंने टेस्ट मैच में 28 अर्धशतक और 27 शतक जड़े हैं। टेस्ट में उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 254 रन है। 260 वनडे में कोहली ने 58.07 की औसत और 92.92 के स्ट्राइक रेट से 12311 रन बनाए हैं। कोहली ने वनडे में 64 अर्धशतक और 43 शतक जड़े हैं। वहीं 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में विराट ने 3308 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में एक भी शतक नहीं जड़ा है।

नवंबर 2019 में लगाया था शतक
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने वनडे में अपना आखिरी शतक 14 अगस्त 2019 को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगाया था. उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल शतक नवंबर 2019 में लगाया था। यह शतक बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में आया था। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया था। इस डे-नाइट टेस्ट मैच में कोहली ने 136 रन की पारी खेली थी। यह टीम इंडिया का पहला डे-नाइट टेस्ट था, जिसे उसने पारी और 46 रन से जीता था।












Click it and Unblock the Notifications