विराट कोहली ने रचा नया इतिहास, दुनिया का कोई बल्लेबाज नहीं कर सका ये कारनामा, पोंटिंग को भी पछाड़ा
भारतीय क्रिकेट में विराट कोहली की पहचान सिर्फ बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में नहीं है। उन्होंने अपने खेल से कई ऐसे मानक स्थापित किए हैं, जिन्हें छूना दूसरे खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती है। वनडे क्रिकेट में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उनकी निरंतरता इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में कोहली ने एक ऐसा विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, जो आज तक किसी बल्लेबाज के नाम नहीं था।
विराट कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग को भी पीछे छोड़ दिया है। खास बात यह है कि कोहली 2011 विश्व कप के बाद से नियमित रूप से भारतीय टीम के लिए इसी क्रम पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

पोंटिंग और संगकारा भी काफी पीछे
वनडे में तीसरे नंबर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रिकी पोंटिंग दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज ने अपने वनडे करियर में इस क्रम पर 12662 रन बनाए थे। श्रीलंका के कुमार संगकारा 9747 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस 7774 रनों के साथ चौथे और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 6504 रनों के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद हैं। इन आंकड़ों से कोहली की इस उपलब्धि की अहमियत समझी जा सकती है।
2011 विश्व कप के बाद नंबर 3 पर बनाई पहचान
विराट कोहली ने भारतीय वनडे टीम में अपनी जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने से पहले ही पक्की कर ली थी। शुरुआती दौर में उन्होंने फिनिशर की भूमिका भी निभाई। बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का उन्हें फायदा मिला और साल 2012 में वह भारतीय टीम के उपकप्तान बन गए। इसके बाद जनवरी 2017 में कोहली को भारतीय वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई। कप्तान के रूप में भी उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का स्तर बनाए रखा।


Click it and Unblock the Notifications
