'झूमे जो पठान मेरी जान' गाने पर कोहली ने किया जबरदस्त डांस, जडेजा ने भी दिया साथ, देखें वीडियो
India vs Australia Test Nagpur: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। कोहली इस मैच में सिर्फ 12 रन ही बना पाए।

India vs Australia Test Nagpur: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 4 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच भारत ने अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय गेंदबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन कर टीम को पारी और 132 रन से जीत दिला दी। पहले टेस्ट में शर्मनाक हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान और कोच सवालों के घेरे में आ गए हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर टीम चयन पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।
मस्ती के मूड में नजर आए कोहली
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली मैदान पर अक्सर मस्ती करते दिखाई पड़ते हैं। विराट कोहली फील्डिंग के वक्त मैदान पर साथियों को भी मोटिवेट करते रहते हैं। हर विकेट मिलने के साथ ही कोहली का जश्न बाकी खिलाड़ियों से काफी अलग रहता है। पहली पारी में विराट कोहली 12 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद जब खेल के तीसरे दिन भारतीय टीम मैदान पर उतरी तो विराट कोहली का अलग ही अंदाज देखने को मिला। कोहली मैदान पर आने से पहले डांस करते नजर आए।
'झूमे जो पठान मेरी जान' गाने पर थिरके कोहली
खेल के तीसरे दिन दूसरे सेशन में लंच के बाद भारतीय टीम फील्डिंग करने मैदान पर आने वाली थी। इससे पहले विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने कुछ ऐसा किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कोहली पठान का डांस स्टेप करते दिखाई दे रहे हैं। किंग कोहली ब्रेक्स के दौरान रवींद्र जडेजा के साथ इस गाने के स्टेप पर मस्ती करते नजर आए। विराट कोहली का डांस स्टेप देखने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार फैंस इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं जाहिर कर रहे हैं।
क्रिकेटरों पर भी चढ़ा पठान फिल्म का जादू
बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान की फिल्म पठान सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। भारतीय टीम के कई खिलाड़ी भी पठान फिल्म को देखने के लिए थिएटर पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में कुलदीप यादव, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन, शिवम मावी, युजवेंद्र चहल और सूर्यकुमार यादव इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघर पहुंचे नजर आए थे। बता दें कि इस मुकाबले को जीतकर भारतीय टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की राह को आसान कर लिया है। भारत को अब बचे हुए तीन टेस्ट मैच में से कम से कम दो मुकाबलों में जीत दर्ज करना जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications