वैभव सूर्यवंशी ने मचाया कोहराम, 36 गेंदों में शतक, 15 छक्कों से 190 रन ठोक फाड़ दी रिकॉर्ड बुक
Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट के 'वंडर किड' ने कम उम्र में वो कारनामा कर दिखाया है जो बड़े-बड़े दिग्गज भी नहीं कर पाए। बिहार के मात्र 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही मैच में इतिहास रच दिया है।
अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की कि रिकॉर्ड बुक के पन्ने कम पड़ गए। वैभव ने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में किसी भी भारतीय द्वारा लगाया गया दूसरा सबसे तेज शतक है।

वैभव सूर्यवंशी की यह पारी सिर्फ शतक तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और 150 रनों का आंकड़ा मात्र 54 गेंदों में छू लिया, जिसके साथ ही उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डीविलियर्स (64 गेंद) का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। अपनी इस ऐतिहासिक पारी में वैभव ने 190 रन कूट डाले, जिसमें 15 गगनचुंबी छक्के और 16 चौकों की झड़ी शामिल रही।
Vaibhav Sooryavanshi ने सचिन-युवराज को पछाड़ा
इस पारी के साथ ही वैभव मेंस लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक जड़ने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह जैसे दिग्गजों के रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है।
भारत के लिए लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने के मामले में वैभव सूर्यवंशी दूसरे स्थान पर हैं। 84 गेंदों पर अपनी 190 रनों की पारी खेलकर उन्होंने तहलका मचा दिया। अनमोलप्रीत सिंह इस खास लिस्ट में टॉप पर हैं। उन्होंने 35 गेंदों में सैकड़ा जमाया था।
Vaibhav Sooryavanshi का चला जादू
गौरतलब है कि हाल ही में अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के गम को पीछे छोड़ते हुए वैभव ने यह 'विस्फोटक' वापसी की है। आईपीएल नीलामी में राजस्थान रॉयल्स द्वारा खरीदे जाने के बाद वैभव ने साबित कर दिया है कि उनमें 'लंबी रेस का घोड़ा' बनने की पूरी काबिलियत है।
इतनी कम उम्र में रणजी ट्रॉफी डेब्यू से लेकर यूथ टेस्ट में 58 गेंदों में शतक तक, वैभव सूर्यवंशी के नाम रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त जुड़ती जा रही है। क्रिकेट जगत अब इस युवा सितारे को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के तौर पर देख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications