AUS vs PAK: उस्मान ख्वाजा को भारी पड़ा काली पट्टी बांधकर खेलना, हैरान कर देगा ICC का ये फैसला
AUS vs PAK Test: ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने पर्थ में ट्रेनिंग सेशन के दौरान अपने जूतों के कारण सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था, जिस पर गाजा पट्टी में चल रहे इजरायल-हमास युद्ध के बीच फिलिस्तीन पीड़ितों के समर्थन का संदेश लिखा था, लेकिन जब बल्लेबाज को खास संदेश वाले जूते पहनने की अनुमति नहीं मिली तो उन्होंने टेस्ट के पहले दिन बांह पर काली पट्टी बांधकर मैच खेला। इसे लेकर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
ख्वाजा इजराइल-हमास संघर्ष के कारण पीड़ित लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए ऐसे जूते पहनना चाहते थे जिन पर 'सभी का जीवन समान है' और 'स्वतंत्रता एक मानव अधिकार है' लिखा था। आईसीसी से अस्वीकृति के बाद उन्होंने टेस्ट मैच के दौरान आर्मबैंड पहना था। जबकि किसी विशेष अवसर को चिह्नित करने के लिए खिलाड़ियों द्वारा काली पट्टी पहनी जाती है, ऐसे कार्य के लिए आईसीसी से पूर्व अनुमति की आवश्यकता होती है।

आईसीसी के एक प्रवक्ता ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को बताया कि, 'उस्मान ख्वाजा पर क्लोथिंग और इक्विपमेंट्स नियमों के क्लॉज एफ (F) का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।' 'उस्मान ने पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान एक व्यक्तिगत संदेश (आर्म बैंड) प्रदर्शित किया, जिसे प्रदर्शित करने के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और आईसीसी की पूर्व अनुमति नहीं ली गई, जैसा कि व्यक्तिगत संदेशों के लिए नियमों में आवश्यक है। यह प्रथम श्रेणी के तहत उल्लंघन है, और इस पहले अपराध के लिए सजा के रुप में एक फटकार है।'
इससे पहले ख्वाजा ने इंस्टाग्राम पर अपने समर्थन में आने वाले सभी लोगों को धन्यवाद दिया और यहां तक कहा कि वह इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठाना जारी रखेंगे। ख्वाजा ने इंस्टा पोस्ट में लिखा, 'उन सभी को धन्यवाद जिन्होंने इस सप्ताह मेरा समर्थन किया और मुझे प्यार दिया। इस पर किसी का ध्यान नहीं गया. वहां बहुत सारे निर्दोष लोग हैं।'












Click it and Unblock the Notifications