शारजाह में UAE ने बांग्लादेश की उड़ाई धज्जियां, T20 में हराकर रच दिया इतिहास
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को खेले गए दूसरे T20 इंटरनेशनल में यूएई (UAE) ने क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक दर्ज करते हुए बांग्लादेश को आखिरी गेंद पर 6 विकेट से हराया। 206 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान मुहम्मद वसीम ने महज 42 गेंदों में 82 रन ठोक डाले और टीम को पहली बार बांग्लादेश के खिलाफ टी20 में जीत दिला दी। इस जीत के साथ यूएई ने तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली।
बांग्लादेश ने 2016 से यूएई के खिलाफ खेले गए अपने सभी चार मुकाबले जीते थे और इस बार भी वे पांच में से पांचवीं जीत के लिए तैयार दिख रहे थे। शारजाह में सोमवार, 19 मई को खेले गए दूसरे टी20 मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और पूरे 20 ओवरों में 205 रन बनाए।

लेकिन यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने मैच की तस्वीर बदल दी। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों पर 82 रन बनाए और अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत की तरफ लेकर गए। यूएई ने इस मुकाबले में 206 रनों का सबसे बड़ा टी20 इंटरनेशनल लक्ष्य पूरा किया, जो किसी सहयोगी देश द्वारा पूर्ण सदस्य टीम के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य था। यह यूएई की सबसे पहली बार 200 से ज्यादा रन का सफल पीछा भी था।
मुहम्मद वसीम ने जीत के बाद कहा,
वसीम ने कहा कि, 'मेरे पास बोलने के लिए शब्द नहीं हैं। मैं बहुत खुश हूं कि हम बांग्लादेश को हराने में कामयाब रहे। हमें भरोसा था कि हम इस लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं क्योंकि हम यहां की परिस्थितियों को अच्छी तरह जानते हैं।'
यूएई ने शुरुआत में ही जबरदस्त बल्लेबाजी की। पहले 6 ओवरों में 68 रन बने। वसीम ने 32 रन बनाए, जबकि उनके साथी सलामी बल्लेबाज मुहम्मद जोहैब ने पावरप्ले में 23 गेंदों पर 30 रन ठोक दिए। पावरप्ले के आखिरी दो ओवरों में तंजीम हसन साकिब और नाहिद राणा ने 18-18 रन दिए। वसीम और जोहैब ने तेज बल्लेबाजी जारी रखी और आधे मैच तक टीम ने बिना विकेट खोए 107 रन बना लिए।
मिडल ओवरों में विकेट गिरने लगे
यूएई को 15 ओवर में अपने दो मजबूत बल्लेबाज वसीम (82 रन) और जोहैब (38 रन) खोने पड़े, जिससे टीम का स्कोर 148/3 हो गया। इसके बाद कोई बड़ा योगदान नहीं मिला, लेकिन आसिफ खान (19 रन) और अलीशान शरफू (13 रन) ने टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में मदद की।
आखिरी ओवरों में रोमांचक जीत
आखिरी दो ओवरों में 29 रन चाहिए थे, जिससे बांग्लादेश पर दबाव था। लेकिन हैदर अली ने 6 गेंदों पर 15 रन बनाए और ध्रुव पाराशर ने 7 गेंदों में 11 रन ठोके। 19वें ओवर में शोरफुल इस्लाम ने 17 रन लुटाए और यूएई ने मैच की आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की। बांग्लादेश को अनुभवी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की कमी खली, जो पहले मैच के बाद इंडियन प्रीमियर लीग खेलने चले गए थे।
बांग्लादेश की बल्लेबाजी भी जबरदस्त रही
बांग्लादेश ने अच्छी शुरुआत की थी। सलामी बल्लेबाज तनजीद हसन ने 33 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि लिटन दास ने 32 गेंदों पर 40 रन ठोके। तौहीद ह्रदय ने भी 24 गेंदों में 45 रन बनाए और जैकर अली ने 6 गेंदों पर 18 रन जोड़े।
अब तीसरा और आखिरी मैच होगा निर्णायक
यूएई और बांग्लादेश की यह सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है। दोनों टीमों के बीच 21 मई को आखिरी मैच होगा, जिसमें सीरीज का विजेता तय होगा।












Click it and Unblock the Notifications