U19 WC 2022: भारतीय टीम में पहली पसंद के विकेटकीपर नहीं थे जूनियर धोनी, जानें फिर कैसे हुआ सेलेक्शन

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में आयोजित किये गये अंडर 19 विश्वकप में शनिवार को एंटिगुआ के मैदान पर खेले गये फाइनल मैच में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए पांचवा खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए महज 91 रन पर इंग्लैंड के 7 विकेट चटका दिये थे, लेकिन जेम्स रियु (95) और जेम्स सेल्स (35) ने 8वें विकेट के लिये 93 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को एक फाइटिंग स्कोर तक पहुंचा दिया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर से वापसी करते हुए इंग्लैंड की टीम को 189 रनों पर समेट दिया।
और पढ़ें: IND vs WI: 1000वें वनडे मैच में युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, पठान की खास लिस्ट में हुए शामिल
जवाब में भारतीय टीम ने हरनूर सिंह (21), शेख रसीद (50), निशांत संधु (50) और राज बावा (35) की अहम पारियों के दम पर 4 विकेट से जीत हासिल कर ली। हालांकि जिस बल्लेबाज ने भारतीय फैन्स का दिल सबसे ज्यादा चुराया वो थे टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश बाना, जिन्होंने 5 गेंदों में 13 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। दिनेश बाना ने 48वें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर लगातार दो छक्के लगाया।
और पढ़ें: क्रिकेट की जबरा फैन थी सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर, जब धोनी के फैसले से परेशान हो की थी खास अपील

पहली पसंद के विकेटकीपर बल्लेबाज नहीं थे जूनियर धोनी
दिनेश बाना ने चौथी गेंद पर जो विनिंग शॉट लगाया उसने फैन्स को 2011 विश्वकप फाइनल में महेंद्र सिंह धोनी के विनिंग छक्के की याद दिला दी और बहुत जल्दी ही सोशल मीडिया पर उन्हें जूनियर धोनी के नाम से पुकारा जाने लगा। दिनेश बाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गये सेमीफाइनल मैच में भी ऐसी ही विस्फोटक पारी खेली थी और 4 गेंद में 2 चौके, 2 छक्के लगाकर 20 रनों की पारी खेली थी। हालांकि आपको यह जानकार हैरानी होगी कि सोशल मीडिया पर जूनियर धोनी के नाम से फेमस हो रहा यह खिलाड़ी भारतीय टीम की पहली पसंद का विकेटकीपर बल्लेबाज भी नहीं था।

ऐसे खींचा चयनकर्ताओं का ध्यान
उल्लेखनीय है दिनेश बाना को अंडर 19 टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज की पहली पसंद वाली टीम में जगह नहीं मिली थी लेकिन बैकअप खिलाड़ियों के लिये चयन होना बाकी था और बाना चैलेंजर ट्रॉफी मैच में हिस्सा ले रहे थे। इंडिया बी और इंडिया एफ के बीच खेले गये इस मैच के दौरान दिनेश बाना को उनके सबसे अच्छे दोस्त और साथी खिलाड़ी निशांत सिंधु ने बताया कि आज मैच के दौरान चयनकर्ता खेल देखने आने वाले हैं, जिसके बाद बाना ने उन्हें बस छक्के गिनने को कहा था। बाना ने इस मैच में महज 98 गेंदों का सामना कर 14 छक्के और 10 चौके लगाकर 170 रनों की पारी खेल डाली और टीम में जगह बना ली।
इंडियन एक्सप्रेस के प्रत्युष राय ने इसको लेकर एक ट्वीट करते हुए लिखा,'दिनेश बाना कभी भी भारतीय टीम की पहली पसंद के विकेटकीपर नहीं थे, लेकिन इंडिया बी और इंडिया एफ के बीच खेले गये चैलेंजर्स ट्रॉफी मुकाबले में उनके दोस्त निशांत सिंधु ने उन्हें बताया कि आज चयनकर्ता आने वाले हैं, बना ने इसके जवाब में कहा- तू बस आज छ्क्के गिनना आज मेरे। बाना ने 98 गेंदों में 10 चौके 14 छक्के लगाकर 170 रन बना डाले।'

पिता बनाना चाहते थे इंजीनियर
गौरतलब है कि दिनेश बाना के पिता महाबीर हरियाणा पुलिस में हवलदार के रूप में काम करते हैं और वो चाहते थे कि उनका बेटा क्रिकेटर के बजाय इंजीनियर बने, इस वजह से वो दिनेश बाना को पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देने के लिये कहते थे, हालांकि दिनेश हमेशा से क्रिकेटर बनना चाहते थे। अंत में महाबीर ने भी उनकी बात मानकर उन्हें खेलने का मौका दिया और उनकी मेहनत रंग लायी। दिनेश बाना भारतीय क्रिकेट टीम के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर को अपना आदर्श मानते हैं और उन्ही की तरह खेलना चाहते हैं।
हालांकि उनके खेलने की शैली काफी हद तक महेंद्र सिंह धोनी से मिलती जुलती है और विकेटकीपिंग स्किल्स में भी उनका कोई सानी नहीं है। आपको बता दें कि अगर दिनेश बाना इसी तरह की बल्लेबाजी करना जारी रखते हैं तो बहुत जल्द आईपीएल में किसी टीम का अहम हिस्सा बनते हुए नजर आ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications