IND vs WI: 1000वें वनडे मैच में युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, पठान की खास लिस्ट में हुए शामिल

नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम अपना 1000वां एकदिवसीय मुकाबला खेलने उतरी है। 1974 में अपना पहला वनडे मैच खेलने वाली भारतीय टीम ने पहले 12 सालों में ज्यादा वनडे मैच नहीं खेले, लेकिन जब कपिल देव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 1983 में विश्वकप जीता तो भारत ने एकदिवसीय मैचों पर भी ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया। इसकी बदौलत आज भारतीय क्रिकेट टीम 1000 वनडे मैच खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रेलिया की टीम दूसरे और पाकिस्तान तीसरे पायदान पर काबिज है।
और पढ़ें: IND vs WI: 1000वें वनडे मैच में भारत ने जीता टॉस, दीपक हुड्डा को मिला डेब्यू का मौका
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और दीपक हुड्डा को डेब्यू करने का मौका दिया। इस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और 27 ओवर्स की समाप्ति तक वेस्टइंडीज की टीम के 7 विकेट चटका दिये हैं और महज 94 रन ही बना सकी है।
और पढ़ें: IND vs WI: जानें क्यों वनडे सीरीज के पहले मैच में काली पट्टी बांधकर खेलेगी भारतीय टीम

8 गेंद में झटके 3 विकेट
गेंदबाजी के दौरान भारतीय टीम के लिये मोहम्मद सिराज ने शाई होप को बोल्ड कर पहली सफलता दिलाई, तो वहीं पर वाशिंगटन सुंदर ने एक ओवर में दो विकेट हासिल कर वेस्टइंडीज की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया, तो वहीं पर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 8 विकेट में 3 विकेट चटकाकर अपनी टीम की वापसी करा दी। युजवेंद्र चहल ने 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर निकोलस पूरन को एलबीडब्ल्यू आउट कर वापस पवेलियन भेजा, तो वहीं पर अगली गेंद पर कायरन पोलार्ड को बोल्ड कर दूसरा विकेट चटकाया। युजवेंद्र चहल ने अगले ओवर की 5वीं गेंद पर शामराह ब्रुक्स को कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया। इस दौरान हैरान करने वाली बात यह रही कि चहल के 3 में से 2 विकेट को अंपायर ने अनंत पदमनाभन ने नॉट आउट करार दिया था लेकिन रिव्यू लेने के बाद फैसला चहल के पक्ष में गया और वेस्टइंडीज को बैकफुट पर धकेल दिया।

निकोलस पूरन का विकेट ले पूरा किया खास शतक
युजवेंद्र चहल ने निकोलस पूरन को एलबीडब्ल्यू कर इस मैच में अपना पहला विकेट लिया और वनडे क्रिकेट में विकेटों के शतक को पूरा कर लिया। निकोलस पूरन 24 गेंदों में 3 चौके लगाकर 18 रन बना चुके थे लेकिन चहल की गेंद पर स्वीप लगाने के चक्कर में एलबीडब्ल्यू हो गये। निकोलस पूरन के इस विकेट के साथ ही युजवेंद्र चहल वनडे में सबसे तेज 100 विकेट चटकाने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गये हैं। इस फेहरिस्त में मोहम्मद शमी (56 पारियां), जसप्रीत बुमराह (57 पारियां), कुलदीप यादव (58 पारियां), इरफान पठान (59 पारियां) और युजवेंद्र चहल (60 पारियां) का नाम टॉप 5 में शामिल है। ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के राशिद खान के नाम है जिन्होंने 44 मैचों में यह कारनामा किया था तो वहीं पर ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इस फेहरिस्त में चहल 15वें पायदान पर काबिज हैं।

कायरन पोलार्ड के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
युजवेंद्र चहल ने पूरन को आउट करने के बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान कायरन पोलार्ड को बोल्ड कर अपना दूसरा विकेट झटका और उन्हें गोल्डन डक पर वापस पवेलियन भेज दिया। चहल की गुगली को पढ़ने में नाकाम रहे कायरन पोलार्ड ने इसके साथ ही एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और वेस्टइंडीज के लिये वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गये हैं। कायरन पोलार्ड (15) ने इस फेहरिस्त में पॉल सिमंस (14), ब्रायन लारा (14) और ड्वेन स्मिथ (14) को इस शर्मनाक मामले में पीछे छोड़ा। वहीं इस फेहरिस्त में क्रिस गेल (24) का नाम सबसे ऊपर काबिज हैं।












Click it and Unblock the Notifications