U19 WC 2022: सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है युगांडा के इस बॉलर का वीडियो, याद आ रहे अश्विन

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में जारी आईसीसी अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप 2022 के 13वें स्थान के लिये खेले गये सेमीफाइनल मैच में युगांडा और पीएनजी की टीमों का आमना-सामना हुआ, जहां पर युगांडा की टीम ने 35 रनों की जीत हासिल की। इस मैच में युगांडा के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और 123 रनों का बचाव करते हुए पीएनजी की टीम को महज 88 रन पर समेट दिया। इसमें कोई शक नहीं कि युगांडा के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया लेकिन इसके साथ ही उसके बॉलर्स ने मैदान पर तेजी और नियमों की जानकारी का फायदा उठाया और मैदान पर एक विकेट कुछ इस तरह से चटकाया कि लोगों को भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की याद आ गई।
और पढ़ें: U19 WC 2022: पाकिस्तान को रौंद कर सेमीफाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, 119 रनों से जीता मैच
आईसीसी की ओर से इंस्टाग्राम पर विकेट का यह वीडियो अपलोड किया गया है, जो कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट के खेल में जब भी नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़ा खिलाड़ी गेंद फेंके जाने से पहले दौड़ लगाता है तो गेंदबाज के पास उसे रन आउट करने का आधिकारिक नियम है, हालांकि खेल जगत के कई दिग्गज इसे खेल भावना के विपरीत मानते हैं।
और पढ़ें: U19 WC 2022 में कोरोना का कहर जारी, कनाडा के 9 खिलाड़ी हुए पॉजिटिव तो कैंसिल हुए 2 मैच

इस वजह से याद आये अश्विन
वहीं पर भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल में जोस बटलर को इसी तरह से आउट करने के बाद कई बार कहा कि अगर कोई चीज नियमों के अंदर रहकर की जा रही है तो वह खेल भावना के विपरीत कैसे हो सकती है। भले ही खेल जगत के दिग्गज क्रिकेटर अश्विन की बातों से सहमति न जताते हों लेकिन युगांडा के गेंदबाज जोसेफ बागुमा जरूर इत्तेफाक रखते हैं, तभी उन्होंने इस प्लेऑफ ग्रुप के सेमीफाइनल मैच में नॉन स्ट्राइकर एंड छोड़कर आगे निकलने वाले जॉन कारिको को ऐसे रन आउट कर वापस पवेलियन भेज दिया।
यह घटना पीएनजी की बल्लेबाजी के दौरान 16वें ओवर में हुई, जहां पर करिको नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े थे और बागुमा गेंदबाजी कर रहे थे। जोसेफ बागुमा गेंद फेंकने ही वाले थे कि करिको स्ट्राइक छोड़कर क्रीज से काफी आगे निकल गये, जिसे देखते हुए बागुमा ने विकेट पर बॉल मार दी और अंपायर्स ने करिको को आउट दे दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस गेंदबाज को देखकर अश्विन को याद करते नजर आ रहे हैं।

युवराज-शम्सी ने भी दिया रिएक्शन
इस मुद्दे को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह और साउथ अफ्रीका के तबरेज शम्सी ने अपने-अपने विचार रखे हैं, जहां पर युवराज सिंह का मानना है कि गेंदबाज ने बेहद खराब रणनीति को अपनाया है तो वहीं पर तबरेज शम्सी को लगता है कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है और बल्लेबाज को जल्दी भागने के बजाय अपनी क्रीज में बॉल फेंके जाने का इंतजार करना चाहिये था।
गौरतलब है कि युगांडा की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 28 ओवर्स में सिर्फ 128 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। युगांडा के लिये साइरस काकुरु ने 59 गेंदों में 11 चौके लगाकर 65 रनों की पारी खेली तो वहीं पर कप्तान पास्कल मारुंगी ने 16 रन बनाये। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा युगांडा का कोई भी बल्लेबाज दहांई के आंकड़े को पार नहीं कर सका तो वहीं पर 3 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। पीएनजी के लिये जॉन कारिको ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाये और युगांडा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
3 गेंदबाजों ने समेट दी पीएनजी की टीम
वहीं 124 रन के आसान से लक्ष्य का पीछा करते हुए पीएनजी की टीम 88 रन पर धराशायी हो गई। पापुआ न्यू गुनिया की टीम के लिये पीटर कारोहो (12), बोयो रे (18) और जूनियर मोरिया (28) के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहांई के आंकड़े पर नहीं पहुंच सका। युगांडा के लिये जुमा मियाजी (4 विकेट), जोसेफ बागुमा (3 विकेट) और मैथ्यू मुसिंगुजि (2 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी की और पूरी पीएनजी टीम को समेट दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे रन आउट के इस वीडियो को आप यहां पर देख सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications