U19 WC 2022: पाकिस्तान को रौंद कर सेमीफाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, 119 रनों से जीता मैच

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज की मेजबानी में खेले जा रहे आईसीसी के अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप का तीसरा क्वार्टरफाइनल मैच शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम के बीच खेला गया, जहां पर कंगारू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक तरफा अंदाज में जीत हासिल कर ली। एंटिगुआ के सर विवियन रिचर्डस स्टेडियम पर खेले गये इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 276 रनों का स्कोर खड़ा किया और अपने गेंदबाजों के दम पर पाकिस्तान की अंडर 19 टीम को महज 35.1 ओवर्स में 157 रन के स्कोर पर समेट दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 119 रनों से जीत हासिल कर ली और सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई कर लिया।
और पढ़ें: IPL 2022 के आखिरी चरण में नहीं खेलेंगे इंग्लिश क्रिकेटर्स, जानें क्या है कारण
अंडर 19 क्रिकेट विश्वकप 2022 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ऑस्ट्रेलिया तीसरी टीम बन गई है, इससे पहले इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीमों ने अपने-अपने क्वार्टरफाइनल मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिये क्वालिफाई किया था। जहां इंग्लैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका को मात दी तो वहीं पर अफगानिस्तान की टीम ने रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को 4 रन से हराकर क्वालिफाई किया है।

ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने लगातार बनाया दबाव
तीसरे क्वार्टरफाइनल मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कंगारू टीम को बल्लेबाजी के लिये बुलाया। ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये कैम्पबेल केलॉवे (47) और टीग वीली (71) ने शानदार तरीके से पारी का आगाज करते हुए पहले विकेट के लिये 86 रनों की साझेदारी कर डाली, जिसमें केलॉवे अपना अर्धशतक लगाने से चूक गये, हालांकि वीली ने पारी को जारी रखा और अपना अर्धशतक पूरा करते हुए कोरी मिलर (64) के साथ 101 रनों की साझेदारी कर डाली। मिलर ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। कप्तान कोनली (33) और विलियम साल्जमैन (25) की पारियों की मदद से ऑस्ट्रेलिया की टीम 50 ओवर्स में 271 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब हो गई। पाकिस्तान के लिये कप्तान कासिम अकरम (3 विकेट) ने सबसे ज्यादा विकेट हासिल किये तो वहीं पर अवैस अली (2 विकेट) ने भी बखूबी साथ निभाया।

ऐसी लड़खड़ाई पाकिस्तान की वापस लौटना हुआ नामुमकिन
वहीं रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 27 रन के स्कोर अपने दोनों ओपनर्स का विकेट खो दिया। अब्दुल फसीह (28) और इरफान खान (27) ने तीसरे विकेट के लिये 50 रनों की साझेदारी कर डाली लेकिन साल्जमैन ने साझेदारी को तोड़ डाला। यहां से पाकिस्तान की टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई और अगले 20 रन के अंदर उसने अपने 5 विकेट खो दिये। मेहरान मुमताज (29) और जीशान अकरम (11) ने पारी को संभालने की कोशिश करते हुए 45 रनों की साझेदारी जरूर की लेकिन अपनी टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके। पाकिस्तान की पूरी टीम 35.1 ओवर्स में 157 रन ही बना सकी और 119 रनों से मैच हार गई। ऑस्ट्रेलिया के लिये विलियम साल्जमैन (3 विकेट), एडेन काहिल (1 विकेट), जैक सिनफील्ड (2 विकेट), टॉम विह्टने (2 विकेट) और जैक निस्बेट (1 विकेट) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान को धराशायी किया।

भारत से हो सकता है सेमीफाइनल मैच
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मैच इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीम के बीच खेला जाना है तो वहीं पर दूसरे सेमीफाइनल मैच के लिये ऑस्ट्रेलिया की टीम को चौथे क्वार्टरफाइनल मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा, जिसमें भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश से होगा। इस क्वार्टरफाइनल मैच में जब भारतीय टीम बांग्लादेश का सामना करने उतरेगी तो वो पिछले अंडर 19 विश्वकप के फाइनल में मिली हार का बदला लेने की कोशिश करेगी, जहां पर बांग्लादेश की टीम ने भारत को पांचवा खिताब जीतने से रोका था और किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट का पहला खिताब अपने नाम किया था।












Click it and Unblock the Notifications