Tilak Varma Net Worth: कितने अमीर हैं पाकिस्तान को धूल चटाने वाले तिलक वर्मा? जानिए नेटवर्थ और कार कलेक्शन
Tilak Varma Net Worth 2025: भारतीय युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने पाकिस्तान के ख़िलाफ फाइनल मैच में दमदार प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने चार ओवर में 20 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। भारतीय टीम मुश्किल हालात में दिखाई दे रही थी। लेकिन एक छोर से तिलक ने टीम को संभाले रखा और अंतिम ओवर में छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी।
तिलक वर्मा ने बनाए 69 रन (Tilak Varma Net Worth 2025)
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में नाबाद 69 रन बनाकर तिलक वर्मा ने अपनी छाप छोड़ी। तिलक वर्मा ने कम समय में ही क्रिकेट की दुनिया में अपनी एक ख़ास जगह बना ली है। हैदराबाद में एक क्रिकेटर बनने का सपना देखने से लेकर आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने और भारत की टीम में शामिल होने तक उनका सफर शानदार रहा है।

आईपीएल से मिली पहचान
तिलक को असली पहचान साल 2022 के आईपीएल मेगा ऑक्शन में मिली थी। जब मुंबई इंडियंस ने उन्हें 1.70 करोड़ की मोटी कीमत पर खरीदा। आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने जल्द ही भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बना ली। उन्होंने अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 में डेब्यू किया और वह 2023 एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। इसके अलावा वह 19वें एशियाई खेलों में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम में भी शामिल थे।
आईपीएल सैलरी में जबरदस्त उछाल
तिलक वर्मा के क्रिकेट करियर के साथ ही उनकी कमाई में भी ज़बरदस्त उछाल आया है। आईपीएल 2022 से 2024 तक उन्हें मुंबई द्वारा 1.70 करोड़ प्रति सीज़न पर रिटेन किया गया। हालांकि, उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आईपीएल 2025 के मेगा-ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपने पांचवें रिटेन किए गए खिलाड़ी के रूप में चुना, जिसके लिए उन्हें 8 करोड़ की बड़ी राशि मिली।
तिलक वर्मा की नेटवर्थ
साल 2024-25 के रिपोर्ट के अनुसार तिलक वर्मा की अनुमानित कुल संपत्ति लगभग 5 करोड़ है। उनकी मासिक आय 20-25 लाख के बीच बताई जाती है। ये पैसे उन्हें मुख्य रूप से आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट, BCCI मैच फीस और ब्रांड एंडोर्समेंट से मिलती है। 2023-24 के लिए उन्हें BCCI रिटेनरशिप लिस्ट की 'ग्रेड C' श्रेणी में भी शामिल किया गया था, जिसके तहत उन्हें सालाना 1 करोड़ का शुल्क मिलता है।
घर और कार कलेक्शन
करियर की शुरुआत में ही तिलक वर्मा ने कुछ लग्जरी कारें अपने गैराज में शामिल कर ली हैं। उनके कार कलेक्शन में मर्सिडीज बेंज एस-क्लास और बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज़ जैसी महंगी कारें शामिल हैं। वह हैदराबाद के पुराने शहर चंद्रयान गुट्टा में एक बहुमंजिला घर के मालिक हैं, जहां वह अपने कुछ MI टीम के साथियों को डिनर के लिए भी बुला चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications