IND vs ENG: आखिरी वनडे में जो रूट ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, एक सीरीज में दो बार...
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है।
मैनचेस्टर, 17 जुलाई: भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। सीरीज के अंतिम मैच में भारत को बड़ा झटका लगा है क्योंकि जसप्रीत बुमराह चोट लगने के बाद बाहर हो गए हैं। बुमराह की जगह मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 में मौका दिया गया है। सिराज ने इस मौके को भुनाते हुए अपने पहले ही ओवर में दो शिकार किए। उन्होंने तीसरी गेंद पर जॉनी बेयरस्टो और आखिरी गेंद पर जो रूट को पवेलियन भेजा। दोनों ही खिलाड़ी खाता नहीं खोल सके और 0 पर आउट हुए। इसके साथ ही जो रूट ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

बनाया यह शर्मनाक रिकॉर्ड
जो रूट ने आखिरी वनडे में 3 गेंदों पर 0 रन बनाए। सिराज की गेंद पर रोहित शर्मा ने स्लिप पर उनका शानदार कैच लपका। सिराज की सीधी सीम पर डाली गई गुड लेंथ गेंद ऑफ स्टंप और चौथे स्टंप के बीच सटीक टप्पे पर पड़कर रूट के बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए रोहित के हाथों में समा गई। रूट इस गेंद को फ्रंटफुट से रोकना चाहते थे, लेकिन गेंद की स्विंग को कवर नहीं कर पाए। स्लिप पर रोहित ने कोई गलती नहीं की। यह पहली बार है जब रूट एक वनडे सीरीज में दो बार 0 पर आउट हुए हों। इससे पहले सीरीज के पहले मैच में रूट ने 2 गेंदों पर 0 रन बनाए थे। बुमराह ने उन्हें पंत के हाथों कैच कराया था।

एक वनडे सीरीज में न्यूनतम रन
इसके अलावा जो रूट ने एक और अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने एक द्विपक्षीय सीरीज में सबसे कम रन बनाने के आपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा है। उन्होंने तीन मैचों की इस सीरीज में मात्र 11 रन बनाए। सीरीज के पहले और आखिरी मैच में वह खाता तक नहीं खोल सके। इससे पहले उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक सीरीज में 36, 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही एक सीरीज में 40 और 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक वनडे सीरीज में 60 रन बनाए थे।

दोनों प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): जेसन रॉय, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर (कप्तान/विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, मोइन अली, क्रेग ओवरटन, डेविड विली, ब्रायडन कार्स, रीस टॉपली।
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा।












Click it and Unblock the Notifications