मानव सुथार अब इंग्लैंड में खेलेंगे, रातोंरात खुली किस्मत और आया बुलावा, डेब्यू टेस्ट में मचाया था तहलका
Manav Suthar: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों एक नया नाम हर किसी की जुबान पर छाया हुआ है और वह नाम राजस्थान के युवा स्पिनर मानव सुथार का है। अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अपनी फिरकी से विरोधियों को घुटने पर लाने वाले मानव सुथार के हाथ एक बड़ा जैकपॉट लगा है।
इस 23 साल के बाएं हाथ के स्पिनर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धमाकेदार शुरुआत करने के ठीक बाद अब इंग्लैंड के मशहूर काउंटी क्लब वॉरिकशायर के साथ एक शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। क्लब ने बुधवार को आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि की है कि मानव सुथार उनके साथ जुड़ने जा रहे हैं।

करियर का टर्निंग पॉइंट
यह डील मानव सुथार के करियर के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है क्योंकि उन्हें काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो महत्वपूर्ण राउंड के लिए टीम में शामिल किया गया है। वॉरिकशायर की टीम इस समय अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और खिताब की दौड़ में बनी हुई है।
डेब्यू मैच कौन भूल सकता है
मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में महज 33 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे और मैच में कुल 7 विकेट लेकर भारत की ऐतिहासिक जीत की कहानी लिखी थी। उनके इसी लाजवाब प्रदर्शन को देखते हुए इंग्लिश काउंटी क्लब ने उन्हें तुरंत अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी किया धमाल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आने से पहले भी मानव का फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है जहां उन्होंने 29 मैचों में 129 विकेट अपने नाम किए हैं। वॉरिकशायर के परफॉर्मेंस डायरेक्टर जेम्स थॉमस ने कहा है कि मानव की फिरकी उनके गेंदबाजी आक्रमण को इंग्लैंड की पिचों पर एक नया और मजबूत आयाम देगी। इंग्लिश कंडीशंस तेज गेंदबाजों के लिए आदर्श होती है लेकिन मानव को शायद पिच से फर्क नहीं पड़ना चाहिए।
मैदान पर कब उतर सकते हैं
वह आगामी 12 से 15 जून तक स्कारबोरो में यॉर्कशायर के खिलाफ होने वाले मैच में चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद अगले हफ्ते वे टॉन्टन में सोमरसेट के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। अगस्त में होने वाले भारत के श्रीलंका दौरे से पहले मानव के लिए यह अनुभव बेहद काम आने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications