नहीं रहे महान स्पिनर सन्नी रामाधीन, कभी इंग्लैंड का उसी की धरती पर तोड़ा था घमंड
नई दिल्ली। क्रिकेट जगत में शोक की लहर है क्योंकि विंडीज के महान स्पिनर सन्नी रामाधीन आज दुनिया के बीच नहीं रहे हैं। उनका 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। दाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रहे रामाधीन ने भले ही अपने देश के लिए बहुत ज्यादा मैच ना खेले हों, लेकिन उन्होंने कभी इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम का घमंड उसी की धरती पर थोड़ा था। यह बात साल 1950 की है जब उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था।

उस समय विंडीज की टीम 4 मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड रवाना हुई थी। उन्हें पहले मैच में ही डेब्यू करने का माैका मिल गया था, लेकिन इंग्लैंड ने इस मुकाबले को 202 रनों से जीत लिया था। इसके बाद फिर बचे आखिरी 3 मैचों में विंडीज ने शानदार जीत हासिल कर 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। टीम को जीत दिलाने में रामाधीन का अहम रोल रहा, जिन्होंने 4 मैचों में 26 विकेट लिए थे। रामाधीन ने 3 बार फाइव विकेट हाॅल भी पूरा किया था। इसी के साथ विंडीज की यह इंग्लैंड की धरती पर पहली टेस्ट सीरीज जीत भी रही थी।
यह भी पढ़ें- इस क्रिकेटर पर टूटा दुखों का पहाड़, पहले बेटी को खोया, अब पिता भी नहीं रहे
1950 में ओल्ड ट्रैफर्ड में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद रामाधीन ने 43 टेस्ट खेले और 28.98 की औसत से 158 विकेट लिए। क्रिकेट विंडीज के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा, "सीडब्ल्यूआई की ओर से मैं विंडीज क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक सन्नी रामाधीन के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करना चाहता हूं। रामाधीन ने विश्व क्रिकेट के मैदान पर कदम रखने के समय से ही प्रभाव डाला। कई कहानियां 1950 के दौरे पर उनके जबरदस्त कारनामों के बारे में बताई जाती हैं जब उन्होंने अल्फ वेलेंटाइन के साथ मिलकर क्रिकेट के 'स्पिन ट्विन्स' का निर्माण किया था जिसके कारण वेस्टइंडीज ने इंग्लैंड को उसी के घर में पहली बार जीत लिया था।"












Click it and Unblock the Notifications