टेस्ट क्रिकेट मे उप-कप्तानी को लेकर टीम इंडिया का कंफ्यूजन, एक बार फिर लिया 'यू-टर्न'
India tour of West Indies 2023: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए अपनी जो टीम घोषित की है उसमें अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) को उपकप्तान नियुक्त किया है। अजिंक्य रहाणे के लिए टेस्ट टीम की उप-कप्तानी में लंबे समय बाद वापसी हो रही है।
इससे पहले अजिंक्य रहाणे विराट कोहली की कप्तानी में नियमित तौर पर भारत के रेगुलर रेड बॉल वाइस कैप्टन हुआ करते थे, लेकिन रोहित शर्मा की लीडरशिप में टीम इंडिया की उप कप्तानी में उतार-चढ़ाव का जबरदस्त दौर देखने के लिए मिला है।

मजेदार बात यह है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल मुकाबले में अनऑफिशियल उप कप्तान चेतेश्वर पुजारा को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। अजिंक्य रहाणे चैंपियनशिप फाइनल में दो अच्छी पारियां खेलने के बाद ना केवल टीम में वापस आए बल्कि लीडरशिप की भूमिका में भी है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से पहले बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी खेली गई थी, जहां केएल राहुल को उप कप्तान के तौर पर नियुक्त किया गया था, लेकिन उनके खराब प्रदर्शन के बाद, शुरुआत के दो मैचों के बाद, अंतिम दो मुकाबलों में भारत बगैर किसी उपकप्तान के टेस्ट मैच में खेला था।
तब टीम इंडिया में उप कप्तान के रोल को लेकर काफी बहस हुई थी कि क्या यह पोस्ट जरूरी है या फिर नहीं। इससे पहले साल 2022 के अंत में जब बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली तो फिर से चेतेश्वर पुजारा उप कप्तान थे।
टीम इंडिया ने पिछले साल जब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेली तो जसप्रीत बुमराह उप कप्तान थे। असल में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर रहे, क्योंकि उनकी फॉर्म पर पूरी तरह से प्रश्नचिन्ह लगा हुआ था।
ऐसे में केएल राहुल उप कप्तानी के सबसे बड़े दावेदार नजर आए थे। रहाणे खराब फॉर्म के चलते भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर दिसंबर 2021 में अपना रोल खो बैठे थे। अब फिर से उनकी वापसी हुई है, लेकिन आकाश चोपड़ा जैसे विश्लेष्क साफ कह चुके हैं कि ये भविष्य की ओर बढ़ाया गया कदम नहीं है। इस तरह से भारतीय टेस्ट टीम में उप-कप्तानी का उथल-पुथल का दौर फिलहार जारी रहने जा रहे है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications