राजकोट T20 जीतने के बाद इस खिलाड़ी के घर डिनर पार्टी करने पहुंची थी टीम इंडिया, द्रविड़ भी आए नजर
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज अब निर्णायक पड़ाव पर आ पहुंची है।
नई दिल्ली: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज अब निर्णायक पड़ाव पर आ पहुंची है। 2-2 के साथ बराबरी पर चल रही सीरीज का आखिरी मुकाबला बैंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया अगर ये मैच जीतने में सफल रही, तो पहली बार अपनी सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज जीतेगी। श्रृंखला के फाइनल मैच से पहले सोशल मीडिया पर ऋषभ पंत की अगुआई वाली भारतीय टीम की एक फोटो जमकर वायरल हो रही है।

दरअसल, सीरीज का चौथा मुकाबला सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, राजकोट में खेला गया था। मैच में भारतीय टीम में शानदार खेल दिखाया और 82 रन से मुकाबला जीतने में कामयाब रही। इस जीत के बाद भारतीय तेज गेंदबाज और लोकल बॉय जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) ने पूरी टीम इंडिया को अपने घर पर डिनर के लिए आमंत्रित किया था। इसी डिनर पार्टी की कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
पार्टी की तस्वीरें उनादकट ने अपने इंस्टाग्राम और ट्विटर पर शेयर की है। इनमें भारतीय खिलाड़ियों के अलावा हेड कोच राहुल द्रविड़ और सपोर्टिंग स्टाफ को भी देखा जा सकता है।
भारत के लिए खेल चुके हैं उनादकट
30 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट भारत के लिए 1 टेस्ट, 10 T20I और 7 वनडे मैच खेल चुके हैं। इन 18 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम पर 22 विकेट दर्ज है। टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच उन्होंने साल 2018 में निदहास ट्रॉफी के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। हाल ही में वह आईपीएल के 15वें सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए नजर आए थे।
2019/20 की रणजी ट्रॉफी में उनादकट सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। सौराष्ट्र की कप्तानी करते हुए 10 मैचों में उन्होंने 13.23 की शानदार औसत से कुल 67 विकेट चटकाए थे। उस सीजन सौराष्ट्र रणजी ट्रॉफी जीतने में भी सफल रही थी।












Click it and Unblock the Notifications