IND vs WI: 'रोहित-विराट के बिना बेदम है टीम इंडिया', पंड्या की मनमानी ने बढ़ाई टीम की परेशानी
West Indies vs India T20 2023: फ्लोरिडा के लॉडरहिल में भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। 8 विकेट से मिली इस हार के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज को भी गंवा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन बनाए थे। लेकिन यह रन भारत को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थे।
वेस्टइंडीज ने आसानी से जीता मैच: भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज की टीम ने इस मुकाबले को आसानी से अपने नाम कर लिया। 166 रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने 18 ओवर में दो विकेट गंवाकर लक्ष्य को हासिल किया। वेस्टइंडीज की तरफ से ब्रैंडन किंग ने 85 रन की नाबाद पारी खेली। इसके अलावा निकोलस पूरन ने भी टीम के लिए अहम रन जोड़ने का काम किया।

खराब बल्लेबाजी के कारण मिली हार: भारत की इस हार के बाद सोशल मीडिया पर लगातार फैंस हार्दिक पंड्या को ट्रोल कर रहे हैं। सीरीज में पहला दो मैच हारने के बाद भारत ने तीसरा और चौथा टी-20 मैच जीतने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन पांचवें मुकाबले में टीम के बल्लेबाज अपना दमखम दिखाने में सफल नहीं हो सके। भारतीय टीम की खराब बल्लेबाजी के कारण ही टीम को हार का सामना करना पड़ा।
रोहित-विराट के बिना बेदम है टीम: भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों ने पांचवें मुकाबले में अपने प्रदर्शन से सभी को निराश किया है। टीम इंडिया के फ्लॉप होने के साथ ही सोशल मीडिया पर फैंस विराट कोहली और रोहित शर्मा को टी-20 में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। फैंस के मुताबिक भारतीय टीम रोहित शर्मा और विराट कोहली के बिना बेदम है।
पंड्या की मनमानी: कुछ फैंस के मुताबिक भारत की हार के लिए हार्दिक पंड्या की खराब कप्तानी भी जिम्मेदार रही है। पंड्या ने इस सीरीज के दौरान कई ऐसे फैसले लिए जिसके लिए उनकी आलोचना की जा रही है। फाइनल मुकाबले में पंड्या गेंद और बल्ले दोनों के साथ ही फ्लॉप रहे। हार के बाद उन्होंने इस बात को स्वीकार भी किया कि वह सही समय पर टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications