साउथ अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया घोषित, केएल राहुल को बनाया गया कप्तान, उमरान मलिक को पहला मौका
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जून में खेली जाने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है।
मुंबई, 22 मई: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जून में खेली जाने वाली 5 मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। कप्तान रोहित शर्मा समेत विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है, जबकि केएल राहुल को इस सीरीज के लिए कप्तान बनाया गया है। वहीं, ऋषभ पंत उपकप्तान होंगे। खास बात ये है कि शानदार फॉर्म में चल रहे दिनेश कार्तिक की टीम में वापसी हुई है। साथ ही उमरान मलिक को पहली बार टीम का हिस्सा बनाया गया है।

उमरान मलिक को पहला मौका
आईपीएल 2022 में अपनी आग उगलती गेंदों से कहर बरपाने वाले उमरान मलिक को पहली बार टीम इंडिया में चुना गया है। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले उमरान ने इस सीजन 13 मैचों में 21 खिलाड़ियों को आउट कर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया है। टूर्नामेंट में सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी उमरान के नाम पर ही दर्ज है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने 157 kmph की रफ्तार से गेंद डाली थी। श्रीनगर के युवा तेज गेंदबाज को टीम इंडिया के भविष्य के रूप में देखा जा रहा है।
T20I Squad - KL Rahul (Capt), Ruturaj Gaikwad, Ishan Kishan, Deepak Hooda, Shreyas Iyer, Rishabh Pant(VC) (wk),Dinesh Karthik (wk), Hardik Pandya, Venkatesh Iyer, Y Chahal, Kuldeep Yadav, Axar Patel, R Bishnoi, Bhuvneshwar, Harshal Patel, Avesh Khan, Arshdeep Singh, Umran Malik
— BCCI (@BCCI) May 22, 2022

3 साल बाद हुई कार्तिक का वापसी
टी-20 सीरीज के लिए 3 साल के लंबे इंतजार के बाद दिनेश कार्तिक की वापसी हुई है। कार्तिक ने भारत के लिए आखिरी टी-20 मैच 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। दिनेश की वापसी आईपीएल में उनका शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुई। टूर्नामेंट में आरसीबी की ओर से खेलते हुए कार्तिक अभी तक 14 मैचों में 57.40 की बेहतरीन औसत और 191 के स्ट्राइक रेट के साथ 287 रन बनाए हैं। वह एक फिनिशर के तौर पर उभर कर सामने आए हैं।
Recommended Video

चहल-कुलदीप की जोड़ी को मौका
इस सीरीज के लिए चयनकर्ताओं ने युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव दोनों स्पिन गेंदबाजों को मौका दिया है। आईपीएल 2022 से पहले कुलदीप टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे, लेकिन टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रर्दशन से उन्होंने सभी को खासा प्रभावित किया। कुलदीप ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हुए 14 मैचों में 19.95 की औसत से कुल 21 विकेट अपने नाम किए।
वहीं, चहल ने भी राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ का टिकट दिलाने में बड़ा रोल निभाया। चहल ने लीग स्टेज के 14 मुकाबलों में 16.54 की औसत से कुल 26 विकेट अपने नाम किए। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने एक पारी में 5 विकेट लेने के अलावा शानदार हैट्रिक भी बनाई थी। पर्पल कैप भी उन्हीं के पास मौजूद है।

18 सदस्यीय टीम चुनी गई
टीम इंडिया की टी-20 टीम: केएल राहुल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन, दीपक हुड्डा, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल,रवि बिश्नोई , भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, आवेश खान, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक।
टी-20 सीरीज का कार्यक्रम:
पहला मुकाबला: 9 जून, दिल्ली
दूसरा मुकाबला: 12 जून, कटक
तीसरा मुकाबला: 14 जून, विशाखापट्टनम
चौथा मुकाबला: 17 जून, राजकोट
पांचवां मुकाबला: 19 जून, बैंगलुरु












Click it and Unblock the Notifications