जादुई पारी का ऐसा असर, गिलक्रिस्ट ने इतने जोश से हाथ मिलाया हिल गए विराट कोहली, स्टेन भी हंस पड़े
एक जादुई पारी क्या कर सकती है ये कोई विराट कोहली से पूछे। जो खिलाड़ी पिछले लगभग तीन साल से अपने मानकों को पूरा करने में भी फेल साबित हो रहा था वह एशिया कप 2022 से वापसी करता है और फिर वर्ल्ड कर में पाकिस्तान के खिलाफ पहले ही मैच में ऐसी पारी खेल जाता है जो किसी साधारण इंसान के बूते की बात तो निश्चित तौर पर नहीं थी। ये पारी दिखा गई कि कोहली अलग मिट्टी के इंसान हैं। उन्होंने अपनी दिमागी ट्रेनिंग जिस तरह से ली है उनके लिए दबाव और मुश्किल हालात सिर्फ एक टूल हैं जिनका इस्तेमाल वे और बेहतर होने के लिए करते हैं।

इतनी गर्मजोशी से हाथ मिलाया
इस पारी के मैजिक से ऑस्ट्रेलिया के महान एडम गिलक्रिस्ट भी निकल नहीं पाए। कंगारूओं के सर्वकालिक महानतम विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने जब कोहली से बात की तो इतनी गर्मजोशी से हाथ मिलाया मानों वे अपने अंदर के जज्बात को इन्हीं चंद लम्हों में उड़ेलने के लिए बेचैन थे। ये ग्रुप 2 का पहला मैच था और विराट ने 53 गेंदों पर 82 रन नाबाद बनाए। इससे तेज रन पहले भी बने हैं और आगे भी बनते रहेंगे लेकिन ये दबाव और मैच के हालातों के बीच मुकाबले को टीम के लिए निकालने की बात थी और ऐसा करने में दुनिया का बेस्ट बल्लेबाज भी पसीना-पसीना हो सकता है। कोहली ने तब भावनाओं को काबू में लिया और जो किया उसको बाद में वो खुद भी शब्दों में बयां नहीं कर सके।

चंद सेंकेड की मुलाकात
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर एडम ने विराट कोहली के साथ चंद सेंकेड की मुलाकात तब की जब भारतीय टीम 27 अक्टूबर को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना दूसरा मुकाबला खेलने के लिए तैयार थी। हाल में इसकी वीडियो जारी हुई जहां पर कोहली को डेल स्टेन के साथ खड़ा देखा जा सकता है। दोनों लीजेंड बात कर रहे थे कि गिलक्रिस्ट ने आकर कोहली से हाथ मिलाया और ऐसे मिलाया कि विराट भी हिल गए। बड़े उत्तेजना में यह हाथ मिलाया गया जिससे कोहली हंसे बिना रह नहीं पाए और डेल स्टेन को भी हंसना ही था।
यहां देखें वीडियो-
अब नीदरलैंड्स के खिलाफ 56 रनों से जीत दर्ज करने के बाद भारत ग्रुप में टॉप पर है और उनका अगला मुकाबला डेल स्टेन की टीम दक्षिण अफ्रीका से है जो कल यानी 30 अक्टूबर रविवार को पर्थ में होने जा रहा है। कोहली ने अपने दोनों मैचों में अर्धशतक लगाया है जिसमें उन्होंने लगभग 150 के स्ट्राइक रेट के साथ 144 रन ठोके हैं। साउथ अफ्रीका के साथ मुकाबला मुश्किल होगा क्योंकि उनके पास जो पेस अटैक वह वर्ल्ड कप में निर्णायक भी साबित हो सकता है। हालांकि भारतीयों ने आईपीएल में एनिरक नोर्टजे और कैगिसो रबाडा का बहुत सामना किया है जिससे मदद मिल सकती है। पर यह टीम रिले रोसौव पर भी निर्भर करेगी जो प्रचंड फॉर्म में हैं और टी20 में शतक को बच्चों का खेल साबित करने पर तुले हैं। कुल मिलाकर यह मैच टीम इंडिया के जज्बे का भी इम्तिहान लेगा।












Click it and Unblock the Notifications