'इतना घमंड ठीक नहीं', Suryakumar Yadav को मैच से पहले मिली चेतावनी, वापसी करने का आखिरी मौका?
T20 World Cup 2026 Suryakumar Yadav: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के हाथों मिली 76 रनों की करारी शिकस्त ने भारतीय टीम की राह मुश्किल कर दी है। 12 मैचों के अजेय रथ के रुकने के बाद अब टीम इंडिया पर जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मैच जीतने का भारी दबाव है। हालांकि, इस हार से ज्यादा चर्चा कप्तान सूर्यकुमार यादव के पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयानों और उनके 'बॉडी लैंग्वेज' की हो रही है।
सूर्यकुमार यादव पर उठ रहे हैं सवाल (T20 World Cup 2026 Suryakumar Yadav)
मैच के बाद जब एक पत्रकार ने अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की फॉर्म को लेकर सवाल किया तो कप्तान सूर्यकुमार यादव का जवाब काफी चर्चा में रहा। उन्होंने मजाकिया लेकिन थोड़े तल्ख अंदाज में पलटवार करते हुए पूछा कि क्या उन्हें इन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर देना चाहिए? सूर्यकुमार के इस व्यवहार की पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज ने कड़ी आलोचना की है।

मोहम्मद हफीज ने की कड़ी आलोचना
हफीज ने एक यूट्यूब चैनल पर कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने भारत की रणनीति और तकनीक की कमियों को उजागर कर दिया है। सूर्यकुमार एक महान खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें प्रेस के सामने अधिक परिपक्व और विनम्र होने की जरूरत है। उन्हें ऐसा व्यवहार नहीं करना चाहिए जैसे वे सब कुछ जानते हैं। हफीज ने चेतावनी दी कि मीडिया में दिए गए बयान रिकॉर्ड होते हैं और खराब प्रदर्शन के वक्त वे पलटकर वापस आते हैं।
अक्षर पटेल को बाहर करने पर मचा बवाल
मैच में अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को खिलाने के फैसले पर भी विशेषज्ञों ने हैरानी जताई। सुंदर ने दो ओवरों में 17 रन दिए और बल्लेबाजी में भी 11 गेंदों पर केवल 11 रन बना सके। कप्तान ने इसे 'टैक्टिकल कॉल' बताया, जबकि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने स्पष्ट किया कि यह फैसला दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के बल्लेबाजों को रोकने के लिए लिया गया था।
हालांकि, हफीज ने इस तर्क को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे समझ से परे बताया। सिर्फ विदेशी दिग्गज ही नहीं, बल्कि भारतीय स्पिन दिग्गज रविचंद्रन अश्विन ने भी टीम की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। अश्विन ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना पूरी तैयारी के मैदान पर न उतरें। दक्षिण अफ्रीका ने हमारे खिलाफ लगातार स्लोअर गेंदों का इस्तेमाल किया। सूर्यकुमार यादव को फेंकी गई 22 गेंदों में से 17 गेंदें स्लोअर थीं, जिसका हमारे पास कोई जवाब नहीं था।












Click it and Unblock the Notifications