T20 World Cup में Michael Leask ने रचा इतिहास, 19 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त, युवराज सिंह को पछाड़ा
T20 World Cup 2026 SCO vs ITA: ईडन गार्डन्स के मैदान पर सोमवार को स्कॉटलैंड और इटली के बीच खेले गए मुकाबले में एक अनोखा रिकॉर्ड देखने को मिला। इस रिकॉर्ड ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। स्कॉटलैंड के अनुभवी ऑलराउंडर माइकल लीस्क ने इटली के खिलाफ महज 5 गेंदों में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी से वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
माइकल लीस्क ने बल्ले से किया अनोखा कारनामा (T20 World Cup 2026 SCO vs ITA)
माइकल लीस्क ने बल्लेबाजी के दौरान सिर्फ 5 गेंदों का सामना किया और नाबाद 22 रन बनाए। इस छोटी लेकिन विस्फोटक पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 440.0 रहा। इसके साथ ही वह टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास में कम से कम 20 रन बनाने के मामले में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट रखने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। लीस्क ने साल 2007 से कायम वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ (स्ट्राइक रेट 414.28) के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है।

युवराज सिंह को इस मामले में पछाड़ा
इस लिस्ट में अब भारतीय दिग्गज युवराज सिंह (स्ट्राइक रेट 362.5) तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। युवराज ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया था। बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी लीस्क का दबदबा रहा। उन्होंने अपने निर्धारित 4 ओवरों के स्पेल में मात्र 17 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। इस प्रदर्शन के साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में 20+ रन बनाने और 4 विकेट लेने वाले दुनिया के महज पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा ड्वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन, लेंडल सिमंस और शाहिद अफरीदी जैसे दिग्गज ही कर पाए थे।
स्कॉटलैंड को मिली पहली जीत
इस मुकाबले में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसमें लीस्क के आखिरी ओवरों के प्रहारों ने अहम भूमिका निभाई। जवाब में इटली की टीम इस दबाव को झेल नहीं सकी और स्कॉटलैंड ने यह मैच 73 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच हारने के बाद इस टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड की यह पहली जीत है।
35 वर्षीय माइकल लीस्क अपने करियर का पांचवां टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। 2013 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले लीस्क अब तक स्कॉटलैंड के लिए 76 टी-20 और 91 वनडे मैच खेल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications