Awarapan 2 Teaser: 'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा', 19 साल बाद शिवम पंडित की वापसी, बोले फैंस- Emraan इज बैक
Awarapan 2 Teaser: आखिरकार इंतजार खत्म हुआ, सोमवार को मेकर्स ने इमरान हाशमी की फ़िल्म 'आवारापन 2' का टीज़र रिलीज कर दिया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर गदर काट दी है। लोगों को जैसी उम्मीद थी टीजर ठीक वैसे ही निकला है, फैंस ने तो अभी से ही फिल्म को हिट बता दिया है। लोग इमरान हाशमी के नया कलेवर देखकर हैरान भी हैं और खुश भी।
आपको बता दें कि 'आवारापन 2' कल्ट क्लासिक फिल्म 'आवारापन' का सीक्वल है। आज 'आवारापन' को रिलीज हुए 19 साल हो चुके हैं इसलिए इसका टीजर रिलीज किया गया है।

इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर रहे हैं, टीजर की शुरुआत धांसू डॉयलाग- 'कुछ लोगों की कहानियां उनकी मर्जी से खत्म नहीं होती, उनकी कहानी, दूसरे के लिए लिखी जाती है' से शुरू होती है। इसके बाद बॉक्सिंग और म्यूजिक का कांबो दिखाया जाता है।
'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा', टीजर ने सोशल मीडिया पर काटा गदर
जिसमें बैकग्राउंड में फेमस गाना 'तो फिर आओ' बजता है और फिर इमरान हाशमी बोलते हैं कि 'दर्द से पुराना रिश्ता है मेरा।' इस टीजर में दिशा पाटनी, शबाना आजमी और कई कलाकारों की झलक भी दिखाई देती है और अंत में इमरान बोलते हैं कि 'इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं'।टीजर ने आते ही इंटरनेट पर खलबली मचा दी है।
'फाइनली इमरान इज बैक', टीजर देखकर फैंस हुए क्रेजी
लंबे वक्त से एक धांसू फिल्म का वेट कर रहे फैंस ने टीजर को सुपरहिट बताया है। एक फैंस ने लिखा कि 'फाइनली इमरान इज बैक'। तो किसी ने लिखा 'ये ही असली हीरो', किसी ने लिखा 'ये तो पैसा वसूल है।' कुल मिलाकर टीजर ने लोगों का ध्यान खींचा है और इस वक्त इमरान इंटरनेट पर छाए हुए हैं। गौरतलब है कि नितिन कक्कड़ के निर्देशन और बिलाल सिद्दीकी की लिखी इस फ़िल्म को विशेष भट्ट, विशेष फ़िल्म्स बैनर के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं। ये फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Awarapan से जुड़ी खास बात
2007 में रिलीज हुई आवारापन बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट नहीं थी, लेकिन बाद में यह एक कल्ट फिल्म बन गई। फिल्म में शिवम पंडित के किरदार और इसके संगीत को दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब 19 साल बाद आवारापन 2 के जरिए इमरान उसी किरदार में वापसी कर रहे हैं, टीजर देखकर तो लोग क्रेजी हुए हैं, अब क्या यही हाल फिल्म रिलीज होने पर भी होगा, इसके लिए हमें 14 अगस्त 2026 का इंतजार करना होगा। आवारापन में इमरान हाशमी के साथ मृणालिनी शर्मा, श्रिया सरन और आशुतोष राणा मुख्य रोल में थे।

एक नजर Emraan Hashmi के अब तक के सफर पर
बॉलीवुड के 'सीरियल किसर' कहे जाने वाले इमरान हाशमी हिंदी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं में गिने जाते हैं। उनका जन्म 24 मार्च 1979 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2003 में फिल्म फुटपाथ से की, लेकिन असली पहचान मर्डर (2004), गैंगस्टर, जन्नत, वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई, द डर्टी पिक्चर और आवारापन जैसी फिल्मों से मिली।
अभिनय में लगातार प्रयोग
इमरान ने सिर्फ रोमांस तक खुद को सीमित नहीं रखा। आवारापन, जन्नत, वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई, द डर्टी पिक्चर, शंघाई, मर्डर 2, जन्नत 2, राज 3 और हमारी अधूरी कहानी जैसी फिल्मों में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी अभिनय क्षमता साबित की। उनके कई गंभीर किरदारों को समीक्षकों ने भी सराहा।
19 साल बाद वह शिवम पंडित की पर्दे पर वापसी
आवारापन 2 के टीजर ने एक बार फिर उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। लगभग 19 साल बाद वह शिवम पंडित के किरदार में लौट रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी वापसी को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं।














Click it and Unblock the Notifications