हरमनप्रीत कौर को भी सूर्या की तरह हटाया जाएगा? एशियन गेम्स के लिए बनाना चाहिए नया कप्तान
Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 अभियान निराशाजनक अंत के साथ खत्म हुआ। सेमीफाइनल की उम्मीदों के बीच टीम मजबूत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के साथ ही बाहर हो गई। इस प्रदर्शन के बाद सिर्फ खिलाड़ियों ही नहीं, बल्कि कप्तान हरमनप्रीत कौर और चयनकर्ताओं पर भी सवाल उठने लगे हैं। क्रिकेट जगत में अब इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या टी20 टीम को नए कप्तान की जरूरत है।
भारत ने इस टूर्नामेंट में पांच मुकाबले खेले, जिनमें बांग्लादेश, नीदरलैंड्स और पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के सामने उसे हार झेलनी पड़ी। बड़े मुकाबलों में टीम के प्रदर्शन ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या मौजूदा नेतृत्व में भारत आईसीसी ट्रॉफी जीतने में सफल हो पाएगा।

कैसा रहा Harmanpreet Kaur का प्रदर्शन?
हरमनप्रीत कौर का व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। उन्होंने पांच मैचों में कुल 141 रन बनाए। इनमें से 56 रन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आए, जबकि बाकी चार मुकाबलों में वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहीं। कप्तान होने के नाते उनसे बड़े मैचों में लगातार जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद थी, लेकिन उनका बल्ला निर्णायक मौकों पर शांत रहा।
Harmanpreet kaur की उम्र भी एक मुद्दा
अब उनकी उम्र भी चर्चा का विषय बन रही है। 37 वर्षीय हरमनप्रीत लंबे समय से भारतीय महिला टीम की कप्तानी संभाल रही हैं, लेकिन भविष्य को देखते हुए टीम प्रबंधन को नए नेतृत्व की तैयारी शुरू करनी पड़ सकती है। आने वाले बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए युवा कप्तान तैयार करना भारतीय क्रिकेट के लिए अहम फैसला साबित हो सकता है। सितंबर में एशिया कप खेला जाना है, तब तक सलेक्टर्स को नया कप्तान बनाना चाहिए।
सूर्यकुमार यादव को भी हटाया गया
हाल ही में भारतीय पुरुष टीम में भी ऐसा बदलाव देखने को मिला था। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को कप्तानी में आगे नहीं बढ़ाया गया और चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंप दी। ऐसे में महिला टीम में भी इसी तरह का फैसला लिया जाना असंभव नहीं माना जा सकता।
अन्य फ़ॉर्मेट में रख सकते हरमन को कप्तान
हालांकि, हरमनप्रीत का अनुभव भारतीय क्रिकेट के लिए अब भी बेहद अहम है। ऐसे में चयनकर्ता उन्हें टेस्ट और वनडे टीम की कप्तान रख सकते हैं। अगर भारतीय महिला क्रिकेट को अगले विश्व कप तक नई दिशा देनी है, तो कप्तानी में बदलाव पर गंभीरता से विचार करना टीम प्रबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण विकल्प हो सकता है।
उधर महिला क्रिकेट टीम के कोच अमोल मजूमदार का कहना है कि कप्तान को लेकर फैसला सलेक्टर्स को लेना है लेकिन मुझे हरमनप्रीत कौर के साथ काम करने में कोई समस्या नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications