पाकिस्तान ने लिया T20 वर्ल्ड कप पर फाइनल फैसला, भारत के खिलाफ मैच से हुआ बाहर, अब ICC का क्या होगा एक्शन?
T20 World Cup 2026: पाकिस्तान सरकार ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अपना आधिकारिक और अंतिम फैसला सुना दिया है। रविवार, 1 फरवरी 2026 को सरकार द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पाकिस्तान की टीम टूर्नामेंट में हिस्सा तो लेगी, लेकिन वह भारत के खिलाफ होने वाले अपने सबसे बड़े मुकाबले का बहिष्कार करेगी। यह निर्णय क्रिकेट जगत में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व कदम माना जा रहा है।
पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उसने राष्ट्रीय टीम को वर्ल्ड कप में भाग लेने की अनुमति दे दी है। हालांकि, बयान में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि पाकिस्तान की टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित ग्रुप-स्टेज मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी। सरकार का यह रुख आईसीसी द्वारा बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने के विरोध में एक कूटनीतिक 'विरोध प्रदर्शन' के रूप में देखा जा रहा है।

T20 World Cup 2026: बहिष्कार की असल वजह
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया। दरअसल, बांग्लादेश ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने मैच किसी तटस्थ स्थान (जैसे श्रीलंका) पर शिफ्ट करने की मांग की थी। आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया, जिसका पाकिस्तान ने कड़ा विरोध किया। पाकिस्तान का तर्क है कि जब भारत के मैच श्रीलंका में हो सकते हैं, तो बांग्लादेश के साथ यह भेदभाव क्यों किया गया।
T20 World Cup 2026: इस फैसले के बड़े परिणाम
पाकिस्तान के इस कदम से टूर्नामेंट का समीकरण पूरी तरह बदल जाएगा। क्रिकेट के नियमों के अनुसार, मैदान पर न उतरने की स्थिति में भारत को 'वॉकओवर' मिल जाएगा और बिना मैच खेले ही उसे अंक दे दिए जाएंगे। व्यापारिक दृष्टि से, भारत-पाकिस्तान मैच आईसीसी के लिए सबसे बड़ी कमाई का जरिया होता है। इस एक मैच के रद्द होने से ब्रॉडकास्टर्स और विज्ञापनदाताओं को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है, जिसकी भरपाई के लिए आईसीसी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) पर भारी जुर्माना भी लगा सकती है।
ये भी पढ़ें: Sanju Samson बने भारत के बाबर आजम? फ्लॉप प्रदर्शन देख फूटा फैंस का गुस्सा, वर्ल्ड कप से कटेगा पत्ता!












Click it and Unblock the Notifications