ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेईमानी से मिली भारत को जीत? लाइव शो में पाकिस्तानी दिग्गज ने किया बड़ा दावा
T20 World Cup 2024 India vs Australia: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में 27 जून को भारत का सामना इंग्लैंड से होना है। भारत ने सुपर 8 के अपने आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफलता हासिल की। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर कंगारू को लगभग टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था। जिसके बाद बचा हुआ काम अफगानिस्तान की जीत ने कर दिया। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2024 से बाहर हो गई।
अक्षर के कैच ने बदला मैच
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एक हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 205 रन बनाए थे। 206 रनों के जवाब में ट्रेविस हेड और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टीम को संभाले रखा था। 12-13 ओवर तक ऑस्ट्रेलिया की टीम पूरी तरह से मैच में बनी हुई थी। हर ओवर में 10 रन के हिसाब से ऑस्ट्रेलिया को रन बनने थे। लेकिन इस बीच अक्षर पटेल ने बाउंड्री लाइन पर उड़ते हुए मिचेल मार्श का कैच पकड़ा और गेम यहां से पलट गया।

भारत पर लगा बड़ा आरोप
भारत की जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी इंजमाम उल हक ने एक अटपटा सा बयान दिया है। इंजमाम उल हक और सलीम मलिक ने पाकिस्तान के स्पोर्ट 24 न्यूज़ चैनल के शो में बैठकर भारतीय टीम पर बेईमानी का आरोप लगाया। इंजमाम उल हक ने कहा ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मिले रिवर्स स्विंग पर गौर करना चाहिए।
मामले की होनी चाहिए जांच
इंजमाम ने कहा कि वह अर्शदीप सिंगह की गेंद को देखकर हैरान रह गए। उन्होंने कहा कि अंपायर को इसे चेक करना चाहिए। कहीं टीम इंडिया ने गेंद से छेड़छाड़ तो नहीं की थी। इंजमाम उल हक की बात से सलीम मलिक ने भी सहमति जताई। सलीम मलिक ने कहा कि चेक करने जैसी चीज सिर्फ हमारी टीमों के लिए होती है। भारत और कुछ एक टीमों को इसमें छूट दी जाती है। जिस पर इंजमाम उल हक बोलते हैं कि अगर यह हमारी टीम के खिलाड़ी ने किया होता तो यह एक बड़ा मुद्दा बन गया होता।












Click it and Unblock the Notifications