T20 world Cup 2022 के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हुए मोहम्मद शमी, होंगे बुमराह का रिप्लेसमेंट?
बेंगलुरु, अक्टूबर 12। टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भर ली है। शमी के ऑस्ट्रेलिया जाने को लेकर कई दिनों से अटकलों का बाजार गर्म था, क्योंकि शमी NCA में थे और फिट घोषित किए जाने की इंतजार कर रहे थे। साथ ही बुमराह की जगह विकल्प के तौर पर भी शमी का नाम सबसे आगे चल रहा था। हालांकि अभी बीसीसीआई की ओर से बुमराह के विकल्प की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि शमी ही बुमराह के विकल्प हो सकते हैं।

शमी ने शेयर की फोटो
बुधवार शाम को मोहम्मद शमी बेंगलुरु से ब्रिसबेन के लिए रवाना हो गए। खुद मोहम्मद शमी ने एयरपोर्ट की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। शमी ने इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा है, "अब समय है टी20 वर्ल्ड कप के लिए उड़ान भरने का...।" आपको बता दें कि मोहम्मद शमी को टी20 विश्व कप के लिए स्टैंड बाय खिलाड़ियों में चुना गया था। शमी के अलावा दीपक चाहर का नाम भी स्टैंड बाय खिलाड़ियों में था, लेकिन दीपक भी चोट की वजह से बाहर हो गए हैं।
कोरोना संक्रमित हुए थे मोहम्मद शमी
आपको बता दें कि मोहम्मद शमी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज के लिए भी चुना गया था, लेकिन सीरीज शुरू होने से पहले ही शमी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे, जिसकी वजह से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठे थे, लेकिन शमी ने कोरोना को मात दी और उसके बाद एनसीए में फिटनेस हासिल करने के बाद शमी टीम इंडिया में शामिल होने के लिए ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए।












Click it and Unblock the Notifications