Suryakumar Yadav: टी20 और वनडे के बाद अब टेस्ट क्रिकेट में धमाल मचाना चाहते हैं सूर्या
Suryakumar Yadav eyes Test Cap: टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव ने महज दो साल से कम के समय में भारतीय टीम में अपनी मजबूत जगह बना ली है। यही नहीं सूर्यकुमार यादव दो साल से कम समय में विश्व के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज बन गए हैं। जिस तरह की बल्लेबाजी सूर्यकुमार यादव आजकल कर रहे हैं उसे देखकर हर किसी की सांस रुक जाती है। वह मैदान के चारो ओर बेहतरीन शॉट खेल रहे हैं, विकेट के पीछे तो वह अलग ही अंदाज में स्कूप, रिवर्स स्कूप खेल रहे हैं। भारत के लिए वनडे और टी20 टीम में जगह बनाने के बाद अब सूर्यकुमार यादव टेस्ट टीम में भी अपनी जगह बनाना चाहते हैं।

टेस्ट टीम में जगह की उम्मीद
टेस्ट क्रिकेट को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि जब हम क्रिकेट की शुरुआत करते हैं तो रेड बॉल से ही करते हैं. मुंबई टीम के लिए भी मैं फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेला हूं। मुझे टेस्ट क्रिकेट के फॉर्मेट का भी अच्छा-खासा आइडिया है। उस फॉर्मेट को भी मैं बहुत इन्जवॉय करता हूं। उम्मीद है कि जल्द ही टेस्ट कैप भी आएगी। बता दें कि सूर्यकुमार यादव ने भारत की ओर से अभी तक कुल 13 वनडे मैच और 41 टी-20 मैच खेले हैं। 41 टी20 में सूर्यकुमार ने 45 के औसत से 1395 रन बनाए हैं, जिसमे 14 अर्धशतक और 2 शतक शामिल हैं। वहीं वनडे में उन्हो्ंने 34 के औसत से 340 रन बनाए हैं जिसमे 2 अर्धशतक शामिल हैं। 14 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ सूर्यकुमार यादव ने भारत की ओर से अपना पहला टी20 मैच खेला था। जबकि 18 जुलाई 2021 को श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने अपना पहले वनडे इंटरनेशनल मैच खेला था।

कोहली के साथ का अनुभव किया साझा
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी को लेकर सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभी हाल ही में हमने कुछ गेम साथ में खेले हैं। हमने बहुत अच्छी साझेदारी की है, मुझे उनके साथ बल्लेबाजी करने में बहुत मजा आता है। एक चीज है कि उनके साथ भागना बहुत पड़ता है, वह सुपरफिट हैं। लेकिन जब हम अंदर होते हैं तो ज्यादा गेम के बारे में बात नहीं करते हैं। हमे अपना गेम पता है, हम एक दूसरे का सम्मान करते हैं, वो ज्यादा कुछ गेम के बारे में बोलते नहीं हैं, मैं उन्हें ज्यादा कुछ नहीं बोलता हूं। मैं यही कहता हूं कि आप एक साइड से खेलते रहिए तो दूसरी तरफ से मैं अपनी बल्लेबाजी करता रहूंगा। वो मुझे बिल्कुल भी अलग नहीं बोलते हैं, वह कहते हैं कि जैसा खेल रहे हो खेलो, अपने खेल का मजा लो।

पुराने समय को करते हैं याद
पिछला समय मैं हमेशा याद करता हूं, मैं जब पत्नी के साथ होता हूं तो बात करता हूं कि दो-तीन साल पहले हालात कैसे थे। अभी कैसे हालात हैं, ऐसा क्या बदल गया। हम हमेशा उस समय के बारे में बात करते हैं। उस समय थोड़ी निराशा और नाराजगी जरूर थी, लेकिन हम यही देखते थे कि इसमे से भी सकारात्मक बात हम क्या निकाल सकते हैं। कैसे अच्छा क्रिकेटर बन सकते हैं। मैं कैसे एक कदम आगे जा सकता हूं। उस समय के बाद मैंने दूसरी अलग-अलग चीजों को ट्राइ करने की कोशिश करने लगा। अच्छा खाना खाता था, अच्छा प्रैक्टिस करता था, समय पर सोता था। इसके बाद समय पूरी तरह से बदल गया है। उसने मेरी बहुत मदद की है,और उसी का फल खा रहा हूं मैं। छुट्टी के दिन मैं अपनी पत्नी से बात करता हूं, परिवार से बात करता हूं, हम क्रिकेट के बारे में बात नहीं करते हैं।

खुद की बल्लेबाजी देखकर चकित हो जाते हैं सूर्या
अपनी बल्लेबाजी के बारे में सूर्यकुमार ने कहा कि मैं उसे काफी इन्ज्वॉय करता हूं। जरूरी बात यह है कि आपके दिमाग में गेम प्लान होना चाहिए, विकेट कैसा है, ग्राउंड का साइज क्या है, गेंद कैसे आएगी, आपको इन तमाम चीजों को दिमाग में रखना होता है। बाकि तमाम चीजों को आपको अभ्यास के समय दिमाग में रखना चाहिए। जब आप अपनी चीजों को पैक कर रहे होते हैं तभी आपको इन चीजों के बारे में सोच लेना चाहिए। जब आप मैदान में आ जाते हैं तो आप बहुत कुछ सोच नहीं सकते हैं। आपको यहां खुले दिमाग, सकारात्मक सोच के साथ आना होता है। अपने अजीबो-गरीब शॉट को लेकर भी सूर्यकुमार यादव ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब मैं वापस जाता हूं और हाईलाइट्स को देखता हूं तो मैं भी आश्चर्यचकित हो जाता हूं। मैं अच्छी बल्लेबाजी करूं या ना करूं मैं मैच के बाद अपनी बल्लेबाजी की हाइलाइट को जरूर देखता हूं।












Click it and Unblock the Notifications