शुभमन गिल ने हासिल की करियर बेस्ट टी20 रैंकिंग, हार्दिक पांड्या ने लगाई बड़ी छलांग
आईसीसी रैंकिंग में नम्बर एक पर सूर्यकुमार यादव बने हुए हैं लेकिन गिल और पांड्या ने भी बड़ा धमाका किया है।

ICC T20I Rankings: आईसीसी की टी20 रैंकिंग में कुछ स्थानों पर बदलाव हुआ है लेकिन नम्बर एक की पोजीशन पर सूर्यकुमार यादव बने हुए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सैकड़ा जड़ने वाले शुभमन गिल की रैंकिंग में करियर का अब तक का बेस्ट उछाल देखने को मिला है। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। ऑल राउंडरों की रैंकिंग में भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या की तरफ से छलांग देखने को मिली है।

सूर्यकुमार यादव टॉप पर बरकरार
सूर्यकुमार यादव निर्विवाद रूप से नम्बर एक की कुर्सी पर बने हुए हैं। उनके 906 रेटिंग पॉइंट्स हैं। उनके बाद मोहम्मद रिज़वान हैं लेकिन उनके 836 पॉइंट्स हैं। बाबर आज़म नम्बर तीन पर आ गए हैं। वह 778 अंकों के साथ इस स्थान पर आए हैं और कीवी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे उनसे एक पायदान नीचे यानी नम्बर चार पर चले गए हैं। इस तरह टॉप दस में यह फेरबदल देखने को मिला।

शुभमन गिल की रैंकिंग में सुधार
टॉप दस में सूर्यकुमार यादव के अलावा अन्य कोई भारतीय खिलाड़ी नहीं है। कीवी टीम के खिलाफ अंतिम टी20 मुकाबले में शतकीय पारी खेलने वाले शुभमन गिल ने करियर बेस्ट 30वां स्थान हासिल किया है। विराट कोहली 15वें नम्बर पर है। उनके अलावा केएल राहुल 27वें नम्बर पर हैं। रोहित शर्मा इस मामले में 29वें स्थान पर हैं।ईशान किशन तीन स्थानों के नुकसान के साथ 48वें नम्बर पर चले गए।

हार्दिक पांड्या ने लगाई छलांग
ऑलराउंडरों की टी20 रैंकिंग में हार्दिक पांड्या ने धमाका किया है। वह अब 250 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नम्बर दो पर आ गए हैं। पांड्या ने मोहम्मद नबी को पीछे धकेल यह स्थान हासिल किया। टॉप दस में पांड्या के अलावा अन्य कोई भारतीय गेंदबाज नहीं है। गेंदबाजों की लिस्ट में भारत से कोई नाम नहीं है। नम्बर एक पर राशिद खान हैं।अर्शदीप सिंह भारत के टॉप रैंक गेंदबाज हैं, उनका 13वां स्थान है।












Click it and Unblock the Notifications