'सीनियर खिलाड़ियों को ब्रेक दे देना चाहिए,' सुनील गावस्कर के निशाने पर रोहित और विराट, BCCI को दी सलाह
India Tour of West Indies: वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम (Indian Cricket Team) में चेतेश्वर पुजारा और उमेश यादव को शामिल नहीं किया गया है। डब्ल्यूटीसी फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भारत की हार के बाद दोनों खिलाड़ियों को बड़ी कीमत चुकानी पड़ी है।
जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को राहत दी गई। बीसीसीआई (BCCI) के इस फैसले से भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) खुश नहीं हैं और उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

युवा खिलाड़ियों को मौका देना सही होता- गावस्कर
गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे से बात करते हुए कहा, 'क्रिकेटरों की अगली कतार को देखने और परखने का बहुत अच्छा मौका था, क्योंकि अगर कोई दौरा है जहां आप कुछ प्रयोग कर सकते हैं तो वह वेस्टइंडीज दौरा था। वे अब पहले जैसी टीम नहीं हैं। इसलिए, युवा खिलाड़ियों को मौका देना सही होता।'
रोहित शर्मा और विराट कोहली पर साधा निशाना
भारत के पूर्व कप्तान ने विशेष रूप से किसी क्रिकेटर का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली पर था। जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं। रोहित और कोहली दोनों इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप में भारत के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे।
'सीनियर खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट से पूर्व विराम दिया जाए'
पूर्व कप्तान ने आगे कहा कि, 'डब्ल्यूटीसी चला गया, हम वहां चूक गए लेकिन अगली बड़ी चीज एकदिवसीय विश्व कप है। मैं पसंद करूंगा कि बड़े खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट से पूर्ण विराम दिया जाए। केवल 50 ओवर के फॉर्मेट को देखें और शायद टी20 को भी देखें क्योंकि यह संक्षिप्त संस्करण है। मैं चाहता हूं कि वे केवल सफेद गेंद वाले क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करें।'
उन्होंने आगे कहा कि, 'वे पिछले साल अक्टूबर-नवंबर से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं, और चोट के अलावा, उन्हें वास्तव में लंबे समय तक ब्रेक नहीं मिला है। इसलिए उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट से पूरी तरह से ब्रेक दें। यह निश्चित है कि 50 ओवर का विश्व कप कौन खेलेगा। आपने शमी को ब्रेक दिया है, तो शायद दूसरों को भी देना चाहिए। दरअसल, भारत को कैरेबियन द्वीप समूह में दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने हैं।'












Click it and Unblock the Notifications