IND vs AUS: 'ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स को दे देना चाहिए इस्तीफा', अचानक गुस्से से आग बबूला हुए गावस्कर
Sunil Gavaskar on Australian Selectors: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे और आखिरी टेस्ट मैच से पहले बयानबाजी का दौर जारी है। दोनों ही देशों के दिग्गजों के कई बयान सुर्खियों में है।

Sunil Gavaskar on Australian Selectors: भारत के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद भी खुश नहीं है। भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ने इंदौर टेस्ट में दमदार वापसी करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया पहले दो टेस्ट मैच में एक तरफा हार गई थी, लेकिन तीसरे मुकाबले में टीम के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन कर वापसी की। इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने अपनी जगह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी बना ली।

ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स पर साधा निशाना
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीरीज का अंतिम व चौथा मैच 9 मार्च को अहमदाबाद में खेला जाना है। इसी बीच पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर कुछ बातों का जिक्र किया है। सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें ऐसे ही टीम का चयन करना है तो इस्तीफा दे देना चाहिए। भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग इलेवन से गावस्कर निराश नजर आए।

सेलेक्टर्स से पूछने चाहिए सवाल
सुनील गावस्कर ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को हार के बाद अपने सेलेक्टर्स से सवाल करने चाहिए। गावस्कर के मुताबिक नागपुर और दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया को मिली हार के सबसे बडे कारण सेलेक्टर्स ही थे। गावस्कर ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई सेलेक्टर्स को टीम का चयन करना नहीं आता है। सेलेक्टर्स की गलतियों की वजह से टीम को 15 की जगह 12 खिलाड़ियों के स्क्वाड से अपनी प्लेइंग इलेवन का चयन करना पड़ा।

हेजलवुड, स्टार्क और ग्रीन थे अनफिट
शुरुआती दो टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और कैमरुन ग्रीन अनफिट थे। ऐसे में उन्हें 15 के स्क्वाड में रखकर भी ऑस्ट्रेलिया को कोई फायदा नहीं पहुंचा। इसके बाद नए खिलाड़ी मैथ्यू कुहनेमन को टीम में मौका दिया, जबकि एशटन एगर स्पिनर के रूप में टीम के पास मौजूद थे। गावस्कर ने गुस्से में कहा कि अगर सेलेक्टर्स को अपने खिलाड़ियों पर भरोसा नहीं था तो उनका चयन करना ही गलत था। इसका मतलब साफ है कि सेलेक्टर्स को जिम्मेदारी का एहसास नहीं है। अगर ऐसा है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। गावस्कर के अलावा कई और पूर्व क्रिकेटरों ने भी ऑस्ट्रेलिया की टीम चयन पर सवाल खड़े किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications