SRH vs LSG: 100वें टी20 मैच में वाशिंगटन ने किया 'सुंदर' प्रदर्शन, तोड़ी लखनऊ की कमर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है, जिसका 12वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम के बीच खेला जा रहा है। पहले मैच में करारी हार का सामना करने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम को जीत की राह पर लौटने के लिये टॉस जीतना जरूरी था और किस्मत ने उसका साथ दिया और कप्तान विलियमसन टॉस के बॉस बने। विलियमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शर्मनाक हार के बावजूद टीम की प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया।

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के लिये हरफनमौला खिलाड़ी वाशिंगटन सुंदर ने इस मैच में उतरते ही टी20 मैचों में खेलने का शतक पूरा कर लिया है। अपने टी20 करियर की इस खास उपलब्धि को ज्यादा खास बनाने के लिये जरूरी था कि सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उनका बेहतर इस्तेमाल करे और पिछले मैच में कप्तान केन विलियमसन ने जो गलतियां की थी उसे मैच में न दोहराये।
और पढ़ें: आकाश चोपड़ा ने IPL में अट्ठा देने की मांग, चहल के जवाब ने इंटरनेट पर मचाया तहलका

सुंदर ने लगातार 2 ओवर्स में झटके 2 विकेट
कप्तान केन विलियमसन ने लखनऊ सुपरजाएंटस के खिलाफ इस मैच में अपनी इस गलती को सुधारा और वाशिंगटन सुंदर को पावरप्ले में गेंदबाजी करने का मौका दिया। हैदराबाद को इसका फायदा हुआ और उन्होंने अपने पहले ही ओवर में क्विंटन डिकॉक का विकेट हासिल किया जिन्होंने पिछले मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया था। वहीं इसी ओवर में सुंदर ने एविन लुईस को एलबीडब्लयू किया लेकिन अंपायर कॉल होने के चलते फैसला उनके पक्ष में नहीं गया। फैन्स को लगा था कि अंपायर का फैसला हैदराबाद के लिये ज्यादा महंगा साबित हो सकता है लेकिन सुंदर ने अगले ही ओवर में लुईस को फिर से एलबीडब्ल्यू कर इसे महंगा साबित नहीं होने दिया और दूसरा विकेट अपने नाम किया।

पावरप्ले में टूटी लखनऊ की कमर
वाशिंगटन सुंदर को पिछले मैच में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला था जिसकी वजह से राजस्थान रॉयल्स की टीम ने एक विशाल स्कोर खड़ा किया था और टीम मैच हार गई थी। इस मैच में सुंदर को पावरप्ले में गेंदबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने अपने 3 ओवर फेंक कर सिर्फ 11 रन दिये और 2 बड़े विकेट अपने नाम किये। सुंदर की गेंदबाजी का ही यह कमाल रहा कि लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम पावरप्ले के दौरान 3 विकेट खोकर सिर्फ 32 रन ही खड़ा कर सकी।

बल्लेबाजी में भी दमखम रखते हैं सुंदर
गौरतलब है कि वाशिंगटन सुंदर ने पिछले मैच में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 14 गेंदों में 40 रन बना डाले थे। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाने का कारनामा किया, जिसके बाद लगातार यही सवाल किया जा रहा था कि विलियमसन ने उन्हें ऊपर बल्लेबाजी करने के लिये क्यों नहीं भेजा। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि जब रनों का पीछा करने के लिये हैदराबाद की टीम उतरेगी तो सुंदर को आज ऊपर आकर बल्लेबाजी करने का मौका मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications