आकाश चोपड़ा ने IPL में अट्ठा देने की मांग, चहल के जवाब ने इंटरनेट पर मचाया तहलका
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है, जिसका 11वां मैच पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बीच खेला गया, जिसमें पंजाब की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 54 रनों से जीत हासिल की। पंजाब किंग्स की टीम के लिये इस मैच में लियाम लिविंगस्टोन ने ऑलराउंडर प्रदर्शन किया और मैच के जीत के हीरो बनें। लिविंगस्टोन ने पहले बल्ले से ताबड़तोड़ 60 रनों की पारी खेली तो वहीं पर गेंदबाजी में भी 3 ओवर फेंक कर सिर्फ 25 रन दिये 2 विकेट अपने नाम किये।

लिविंगस्टोन ने अपनी पारी के दौरान 32 गेंदों का सामना किया और 5 चौके, 5 छक्कों के दम पर 60 रनों की पारी खेली। लियाम लिविंगस्टोन ने अपनी पारी के दौरान आईपीएल 2022 के सीजन का सबसे बड़ा छक्का लगाया जिसने 108 मीटर की दूरी तय की। लिविंगस्टोन के इस शॉट ने न सिर्फ फैन्स को बल्कि क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों को भी अपनी बल्लेबाजी का फैन बनाया।
और पढ़ें: Video: करियर के आखिरी मैच में राष्ट्र गान सुन रोने लगे रोस टेलर, कोहली-द्रविड़ ने भी दिया फेयरवेल

आकाश चोपड़ा ने की अट्ठा देने की मांग
इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मशहूर कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने आईपीएल में नया नियम बनाते हुए बल्लेबाजों को 8 रन देने की मांग कर डाली। आकाश चोपड़ा ने लिविंगस्टोन के इस छक्के को देखने के बाद ट्वीट करते हुए कहा कि मैं एक बार फिर से यह बात कह रहा हूं कि आईपीएल में जो भी शॉट 100 या उससे ज्यादा मीटर की दूरी तय करे उसे 8 रन दिया जान चाहिये।

चहल के जवाब ने जीता फैन्स का दिल
आकाश चोपड़ा के इस ट्वीट पर इस सीजन राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे युजवेंद्र चहल ने जबरदस्त जवाब दिया, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। युजवेंद्र चहल इस सीजन राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने के बाद न सिर्फ मैदान पर बल्कि सोशल मीडिया पर लाजवाब प्रदर्शन कर रहे हैं। खुद को राजस्थान का नया कप्तान बताना हो या फिर बटलर को ओपनिंग के लिये मनाना हो, वो अपने ट्वीट से लगातार सोशल मीडिया पर छाये रहे हैं। ऐसे में जब आकाश चोपड़ा का ट्वीट उन्होंने देखा तो वो इस पर अपनी प्रतिक्रिया देने से पीछे नहीं हटे और ऐसा सुझाव दे डाला जिसने फैन्स का दिल जीत लिया।

रैना भी हुए उनके कायल
चहल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भईया 3 गेंद खाली जाने पर एक विकेट भी दिया जाना चाहिये। उल्लेखनीय है कि भारत में गली या छत पर खेले जाने वाले क्रिकेट के दौरान ऐसे नियम देखने को मिलते हैं, इसे देखते हुए जब फैन्स ने चहल का सुझाव सुना तो उनसे रहा नहीं गया। वहीं सीएसके के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए हंसने का रिएक्शन दिया है।

अब आरसीबी से भिड़ेगी राजस्थान
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस सीजन शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले दोनों मैच में जीत हासिल की है और युजवेंद्र चहल ने दोनों मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट हासिल किये हैं और 6 की इकॉनमी से 48 रन दिये हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने इस सीजन शानदार प्रदर्शन किया है और बल्ले-गेंद दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहले सनराइजर्स हैदराबाद और फिर मुंबई इंडियंस को मात देने का काम किया है। राजस्थान की टीम अपना अगला मैच आरसीबी के खिलाफ मंगलवार को वानखेड़े के मैदान पर खेलेगी।












Click it and Unblock the Notifications