South Africa vs West Indies: वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को तीसरे टी20 में रौंदा, सीरीज 2-1 से जीती
SA vs WI: दक्षिण अफ़्रीकी टीम ने लक्ष्य हासिल करने का भरसक प्रयास किया लेकिन अंत में वेस्टइंडीज ने मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली।

South Africa vs West Indies 3rd T20I: वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका दौरे को जीत के साथ अंजाम तक पहुंचा दिया। दक्षिण अफ्रीका को जोहान्सबर्ग में खेले गए तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 7 रनों से हराते हुए विंडीज ने 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान वेस्टइंडीज ने 8 विकेट पर 220 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम 6 विकेट पर 213 रनों के स्कोर तक पहुँच पाई। वेस्टइंडीज के गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को 5 विकेट झटकने के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए विंडीज के ओपनर काइल मेयर्स को 17 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया। इसके बाद पिछले मैच में शतक जमाने वाले जॉनसन बिना खाता खोले आउट हो गए। ब्रेंडन किंग ने कुछ आकर्षक शॉट जड़े लेकिन वह भी 36 के निजी स्कोर पर चलते बने। विकेट गिरते रहने के साथ वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने रन बनाना भी जारी रखा। निकोलस पूरन ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 41 रन जड़े। रेमन रिफर ने भी 27 रनों की पारी खेली। अंतिम ओवरों में रोमारियो शेफर्ड ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 22 गेंदों में नाबाद 44 रनों की पारी खेली। शेफर्ड ने अंतिम ओवर में कगिसो रबाडा को 26 रन जड़े। यही हार-जीत का अंतर पैदा करने वाला ओवर रहा। विंडीज ने 8 विकेट पर 220 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए नॉर्टजे, एनगिडी और रबाडा ने 2-2 विकेट अपने नाम किये।
जवाब में खेलते हुए दक्षिण अफ्रीका ने पिछले मैच के शतकवीर क्विंटन डी कॉक का विकेट गंवाया। वह 21 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। रीजा हेंड्रिक्स और राइली रूसो स्कोर 100 के पार लेकर गए, इस बीच रूसो 42 और डेविड मिलर 11 रन बनाकर चलते बने। हालांकि एक छोर पर हेंड्रिक्स फिफ्टी जड़कर खड़े थे। वह रन बनाते चले गए। अंतिम दो ओवरों में दक्षिण अफ्रीका को 35 रन चाहिए थे। इस दौरान हेंड्रिक्स 44 गेंदों में 83 रन बनाकर आउट हो गए और दक्षिण अफ्रीका की स्थिति खराब हो गई। अंतिम ओवर में 26 रनों की दरकार थी और वे 6 विकेट पर 213 तक ही पहुँच पाए। मार्करम ने नाबाद 35 रन बनाए। अल्जारी जोसेफ ने विंडीज के लिए 40 रन देकर 5 विकेट झटके। जॉनसन चार्ल्स को प्लेयर ऑफ़ द सीरीज चुना गया।












Click it and Unblock the Notifications