'यशस्वी जायसवाल को वर्ल्ड कप में खिलाओ', सौरव गांगुली ने बताया क्यों इससे भारत को होगा फायदा
World Cup 2023: भारत के युवा सनसनीखेज बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) ने अपने टेस्ट डेब्यू के दौरान 171 रनों की जबरदस्त पारी खेली। भारत ने वेस्टइंडीज (IND vs WI) के खिलाफ हुए इस मुकाबले में पूरी तरह से विंडीज पर कब्जा करते हुए मैच को जीत लिया।
सौरव गांगुली ने भी जयसवाल की तरह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए शतक लगाया था। गांगुली ने यह कारनामा 1996 में लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में किया था।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली का मानना है कि यशस्वी जायसवाल को भारत की वर्ल्ड कप टीम में आना चाहिए। टाइम्स ऑफ इंडिया ने गांगुली के हवाले से बताया, "मैं जायसवाल को आने वाले विश्वकप में खेलते हुए देखना चाहूंगा।
"उनके पास टेंपरामेंट है, स्किल है और वे लंबी दूरी तय करेंगे। मैंने आईपीएल के दौरान उन्हें काफी करीब से देखा है। लेकिन लाल गेंद क्रिकेट अलग होता है और उन्होंने बताया है कि वे उस लेवल पर भी सफल हो सकते हैं। मुझे लगता है उनके अंदर भारतीय क्रिकेट टीम की लंबे समय तक सेवा करने लायक क्वालिटी मौजूद है।"
भारत के पूर्व कप्तान ने इस बात पर भी जोर दिया की वर्ल्ड कप की टीम में यशस्वी जायसवाल को लेना रणनीतिक तौर पर भी बढ़िया फैसला साबित होगा।
ये भी पढ़ें- यशस्वी जायसवाल से पहले डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले 10 भारतीय बल्लेबाज, जानिए आज क्या कर रहे हैं वो
गांगुली कहते हैं, "मैं हमेशा दाएं और बाएं हाथ के कॉन्बिनेशन के बल्लेबाजों के पक्ष में रहता हूं। इससे विपक्षी टीम के गेंदबाजों को आपके टॉप ऑर्डर के खिलाफ बॉलिंग करते हुए दिक्कत होती है क्योंकि उन्हें लगातार अपनी लाइन और लेंथ में बदलाव करने की जरूरत होती है।"
हालांकि यहां पर एक सवाल है क्योंकि यशस्वी जायसवाल को एशियन गेम्स की टीम में चुना गया है जो विश्व कप की तारीखों के साथ क्लैश करेगा। गांगुली को लगता है अगर चयनकर्ता एशियन गेम में भेजे जाने वाले खिलाड़ियों को विश्वकप में नहीं खिलाने वाले हैं तो उन्हें यशस्वी जायसवाल को एशियन गेम की स्क्वायड से हटा लेना चाहिए और विश्व कप में जाने वाली टीम में भेजना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications