‘सचिन, द्रविड़ और मेरे साथ भी हुआ‘, Virat Kohli की खराब फॉर्म पर सौरव गांगुली ने तोड़ी चुप्पी
पूर्व भारतीय कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने कोहली के खराब दौर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त ही है।
लंदन, 14 जुलाई: क्रिकेट के गलियारों में विराट कोहली (Virat Kohli) की खराब फॉर्म चर्चा का सबसे बड़ा केंद्र बनी हुई है। कोहली के बल्ले से रन निकलने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। अब तो यहां तक कहा जाना लगा है कि उनको टीम इंडिया से ड्रॉप कर देना चाहिए। विराट ने लंबे समय ने बड़ी पारी नहीं खेली है और पिछले 3 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में उनके बल्ले से शतक भी नहीं निकला है। पूर्व भारतीय कप्तान और BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने कोहली के खराब दौर पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

कोहली की फॉर्म पर बोले दादा
इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट की दोनों पारियों में कोहली ने 31 रन बनाए थे, जबकि टी20 सीरीज के आखिरी के दो मैचों में भी वह केवल 12 रन ही बना सके थे। वनडे सीरीज के पहले मैच में विराट कमर में खिंचाव के चलते प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं बन पाए थे और लॉर्ड्स में खेले जाने वाले दूसरे मैच में भी उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुए है।
ANI से बात करते हुए विराट की फॉर्म पर गांगुली ने कहा, "इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के आंकड़े देखिए, क्या वैसा बगैर काबिलियत या किसी गुण के संभव है। हां, उनके लिए कठिन समय रहा है और वह यह जानते हैं। लेकिन इसका ये मतलब नहीं कि वो बड़े खिलाड़ी नहीं है।''

उनको खुद तलाशना होगा अपना रास्ता
सौरव गांगुली ने आगे कहा, ''विराट को अपने स्टैंडर्ड का अच्छे से पता है। मैं उन्हें फॉर्म में वापसी करते और अच्छा करते देखना चाहता हूं, लेकिन उसके लिए उन्होंने अपना रास्ता खुद तलाशना होगा। पिछले 12-13 या उससे ज्यादा समय से वो लगातार अच्छा करते आ रहे हैं और ऐसा सिर्फ विराट कोहली ही कर सकते हैं।''
#WATCH | London, UK | Look at the numbers he (Virat Kolhi) has got in international cricket, that doesn't happen without ability & quality. Yes, he has had a tough time & he knows that, he has been a great player himself: BCCI president Sourav Ganguly on Virat Kohli's poor form pic.twitter.com/RMqDYsnbKq
— ANI (@ANI) July 13, 2022

मुश्किल वक्त सबके लिए आता है
गांगुली ने आगे कहा, ''यह सब चीजें क्रिकेट का हिस्सा है। यह सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और मेरे साथ भी ऐसा हुआ था। भविष्य में और भी कई खिलाड़ियों के साथ यह होगा। इस खेल में ऐसा होता रहता है। बतौर खिलाड़ी आपको सिर्फ मैदान पर जाकर प्रदर्शन करना होता है।''

कपिल देव ने कही थी ड्रॉप करने की बात
हाल ही में पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने विराट कोहली की टी20 टीम से बाहर करने की बात कही थी। कपिल का कहना था कि अगर दुनिया के नंबर-2 गेंदबाज आर अश्विन को टेस्ट टीम से बाहर किया जा सकता है, तो कोहली को टी20 टीम से क्यों नहीं।
बता दें कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान विराट कोहली की शानदार फॉर्म में चल रहे दीपक हुड्डा का जगह प्लेइंग-11 में मौका दिया गया था। हुड्डा ने आयरलैंड के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी।

दादा को मिला सम्मान
भारतीय टीम मौजूदा समय में इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच टेस्ट और टी20 के बाद अब वनडे सीरीज खेली जा रही है। सौरव गांगुली भी इस समय इंग्लैंड में ही है, जहां उनको ब्रिटिश पार्लियामेंट द्वारा सम्मानित किया गया।
इस सम्मान के बाद दादा ने अपने बयान में कहा, ''मुझे ब्रिटिश संसद द्वारा एक बंगाली के रूप में सम्मानित किया गया। इसलिए यह अच्छा एहसास रहा। इसके लिए 6 महीने पहले मुझसे संपर्क किया गया था। वे हर साल यह पुरस्कार देते हैं और इस बार यह सम्मान मुझे मिला।''












Click it and Unblock the Notifications