Pakistan terror Attack: पाकिस्तान में विद्रोहियों का अब तक का सबसे बड़ा हमला, 21 पुलिसकर्मियों की मौत
Pakistan terror Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार का दिन बेहद खौफनाक रहा। अफगानिस्तान सीमा से सटे बन्नू जिले में विद्रोहियों ने एक पुलिस चौकी को निशाना बनाकर भीषण हमला किया, जिसमें 21 पुलिसकर्मियों की जान चली गई। हमलावरों ने पहले बारूद से भरी कार में धमाका किया और फिर अंधाधुंध गोलीबारी की।
इस हमले की जिम्मेदारी 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान' नाम के गुट ने ली है। धमाका इतना जोरदार था कि पुलिस चौकी पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।

Bannu police post Attack: धमाके से मलबे में तब्दील हुई चौकी
बन्नू जिले में हुआ यह हमला इतना सुनियोजित था कि पुलिसकर्मियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी गाड़ी को चौकी से टकरा दिया, जिससे पूरी इमारत ढह गई। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में चारों तरफ ईंटें, जला हुआ सामान और गाड़ियों का मलबा बिखरा नजर आ रहा है। धमाके की गूंज दूर-दराज के रिहायशी इलाकों तक सुनी गई, जिससे आम लोगों के घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
ये भी पढे़ं: रेंज, रफ़्तार और वो तकनीक जिससे दुनिया के बड़े देश भी डरते हैं, आसान भाषा में समझें Agni-5 मिसाइल की ताकत
Khyber Pakhtunkhwa blast: घात लगाकर किया गया हमला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमाके के तुरंत बाद विद्रोहियों ने भारी गोलीबारी शुरू कर दी। जब अन्य पुलिसकर्मी अपने साथियों की मदद के लिए मौके की ओर दौड़े, तो रास्ते में पहले से छिपे हमलावरों ने उन पर घात लगाकर हमला किया। खबरों के मुताबिक, इस हमले में आधुनिक हथियारों के साथ-साथ ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया था। हमला करने के बाद विद्रोही पुलिसकर्मियों के हथियार लूटकर फरार हो गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
अस्पतालों में अलर्ट और अफरा-तफरी
घटना के बाद बन्नू के सभी सरकारी अस्पतालों में 'इमरजेंसी' लागू कर दी गई है। दर्जनों घायल पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। एंबुलेंस की मदद से घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
ये भी पढे़ं: “भारत की हर मिसाइल अचूक- हमारी एक भी निशाने पर नहीं लगी
सीमा पर तनाव बढ़ने की आशंका
बन्नू जिला अफगानिस्तान की सीमा के बेहद करीब है, जिसे लंबे समय से विद्रोहियों का गढ़ माना जाता रहा है। खुफिया एजेंसियों को शक है कि हमलावर मिशन पूरा करने के बाद सीमा पार कर अफगानिस्तान भाग गए हैं। इस खूनी हमले के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमाई तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं से आने वाले दिनों में दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट और सुरक्षा बलों की कार्रवाई तेज हो सकती है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications