गांगुली ने बताया बेंगलुरु में श्रीलंका के खिलाफ होगा डे-नाइट टेस्ट, मई में होगा महिला T20 चैलेंज
नई दिल्लीः बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने इस बात की पुष्टि की है कि भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के साथ डे नाइट टेस्ट मैच खेलेगी। श्रीलंका की टीम भारत के दौरे पर आएगी और बेंगलुरु में पिंक बॉल टेस्ट मैच खेला जाएगा। भारत में अभी तक केवल दो पिंक बॉल टेस्ट मैच ही आयोजित हुए हैं जिसमें पहला मैच कोलकाता के ईडन गार्डन में हुआ और दूसरा मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ। यह दो टेस्ट मैचों की सीरीज होगी जिसमें दूसरा मुकाबला मोहाली में होगा और यह सभी मैच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेले जाएंगे।

गांगुली ने कहा कि बीसीसीआई जल्द ही श्रीलंका सीरीज की जगह की भी घोषणा कर देगा। बीसीसीआई के अध्यक्ष ने स्पोर्टस्टार के साथ बात करते हुए बताया, "हां, बेंगलुरु में पिंक बॉल टेस्ट मैच खेला जाएगा। हमने अभी तक श्रीलंका सीरीज के लिए जगहें तय नहीं की है लेकिन हम जल्द ही इसके बारे में सूचित कर देंगे।"
भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले सफेद गेंद सीरीज खेलेगी जो कोलकाता में 20 फरवरी को खत्म हो जाएगी और उसके बाद तीन t20i और दो टेस्ट मुकाबले श्रीलंका के खिलाफ खेले जाएंगे जो फरवरी के अंतिम दिनों में शुरू होकर मार्च के शुरुआती दिनों में समाप्त हो जाएंगे।
इसी बीच पूर्व कप्तान विराट कोहली पर भी निगाहें रहेंगी जो बेंगलुरु में अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे होंगे और वहां पर उनकी फैन फॉलोइंग काफी जबरदस्त है क्योंकि वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम से आते हैं जिन्होंने उनको अगले सीजन के लिए भी रिटेन किया हुआ है।
भारतीय टीम ने अभी तक दो पिंक बॉल टेस्ट मैच विराट कोहली की कप्तानी में ही खेले हैं और यह हम घरेलू मुकाबलों की बातें कर रहे हैं। अब दक्षिण अफ्रीका सीरीज के बाद कोहली कप्तानी से इस्तीफा दे चुके हैं तो देखने वाली बात होगी कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कप्तानी कौन करेगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट यह चाहता है कि बीसीसीआई शेड्यूल में थोड़ा बदलाव करें ताकि उसके खिलाड़ियों को बबल टू बबल शिफ्ट होने में सहूलियत रहे। गांगुली ने यह भी कहा कि उम्मीद करते हैं आगे आने वाले दिनों में महिला आईपीएल भी खेला जाएगा लेकिन फिलहाल के लिए आईपीएल 2022 प्लेऑफ मुकाबलों के दौरान महिला टी20 मुकाबले इस साल मई में खेले जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications