श्रीलंका वनडे सीरीज में खरा सोना बनकर उभरे शुभमन गिल, रोहित शर्मा का जीता भरोसा
शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में करीब 69 की औसत से 200 से अधिक रन बनाए हैं। आखिरी वनडे में उन्होंने 116 रन की पारी खेली।
भारत के लिए श्रीलंका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज एक ऐतिहासिक जीत के साथ समाप्त हुई है। सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 317 रन से हरा दिया। यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में अभी तक की सबसे बड़ी जीत है। इस सीरीज में टीम इंडिया के लिए सबकुछ परफेक्ट रहा। विराट कोहली ने साबित कर दिया कि वो विश्व कप वाले साल में अपनी टीम के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। साथ ही इस सीरीज में शुभमन गिल एक खरा सोना बनकर उभरे हैं। शुभमन गिल अपने कप्तान रोहित शर्मा के भरोसे पर खरे उतरे हैं, जो उन्होंने सीरीज के शुरुआत में जताया था। दरअसल, रोहित ने सीरीज के आगाज के समय ही यह साफ कर दिया था कि शुभमन गिल को ओपनिंग स्लॉट में ईशान किशन से उपर तवज्जो दी जाएगी।

रोहित के भरोसे पर खरे उतरे शुभमन गिल
शुभमन गिल ने अपने कप्तान के भरोसे पर खरा उतर कर दिखाया और उन्होंने सीरीज के तीन मुकाबलों में 69 की औसत से कुल 207 रन बनाए। सीरीज के आखिरी मुकाबले में शुभमन गिल ने 97 गेंदों में 116 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 119.59 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 14 चौके और दो छक्के जड़ दिए। गिल ने गुवाहटी में खेले गए पहले वनडे में 70 और कोलकाता के ईडन गार्डन में 21 रन बनाए थे। शुभमन गिल ने इस सीरीज में किए शानदार प्रदर्शन से अपने चयन को लेकर उठ रहे सभी संदेह को खत्म कर दिया।

शुभमन गिल ने 89 गेंदों में पूरा किया शतक
आपको बता दें कि शुभमन गिल ने श्रीलंका के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन देकर यह साबित कर दिया है कि वो तीनों फॉर्मेट के लिए बेस्ट ओपनिंग पार्टनर हैं। शुभमन गिल ने टी20 सीरीज में भी ईशान किशन के साथ ओपनिंग की थी तो वहीं टेस्ट मैच में भी गिल को ओपनिंग करते हुए देखा जा चुका है। रविवार को शुभमन गिल ने अपनी पारी की शुरुआत एक प्यारे से स्क्वायर ड्राइव और कवर ड्राइव से की थी। इसके गिल ने अच्छे शॉट्स का प्रदर्शन करते हुए 52 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद गिल ने अपना रन रेट बढ़ाने के लिए अपनी बाजूएं खोली। हाफ सेंचुरी के बाद शुभमन गिल ने तेजी से खेलते हुए 89 गेंदों के अंदर अपने वनडे करियर का दूसरा शतक जड़ दिया।

शतकीय पारी के बाद शुभमन गिल की प्रतिक्रिया
शुभमन गिल ने शतकीय पारी के बाद प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब आप रोहित भाई और विराट भाई जैसे खिलाड़ियों के साथ बैटिंग करते हैं, तो ज्यादा कुछ नहीं करना पड़ता। हम बात कर रहे थे कि किस गेंदबाज को कब निशाना बनाना है। शुरुआती कुछ ओवरों में हमने स्कोर नहीं किया था, बाद में बात कर फ़ास्ट खेलने का मन बनाया। कोहली शानदार हैं। उनको बचपन से देखता आया हूँ और अब क्रीज शेयर करना एक बेहतरीन अनुभव है।












Click it and Unblock the Notifications