Shubman Gill: गिल की गर्जना से रनों की बरसात, दोहरे शतक से रचा इतिहास, हिला दी रिकॉर्ड बुक
Shubman Gill: टेस्ट कप्तान बनने के बाद शुभमन गिल और ज्यादा खतरनाक नज़र आ रहे हैं और उनका बल्ला आग उगल रहा है। इंग्लैंड दौरे पर लगातार दूसरे टेस्ट में उनका शतक आया है। इस बार तो उन्होंने धमाल मचाते हुए शतकीय पारी से आगे जाकर दोहरा शतक जमा दिया।
यह गिल के करियर का पहला दोहरा शतक है। वनडे में वह एक दोहरा शतक जमा चुके हैं लेकिन टेस्ट में ऐसा पहली बार हुआ है। एजबेस्टन टेस्ट में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था, यह फैसला अब उल्टा पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

Shubman Gill ने कम उम्र में किया कमाल
भारतीय कप्तान के रूप में टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले युवा कप्तानों में गिल दूसरे स्थान पर आ गए। उनसे पहले यह कारनामा मंसूर अली खान पटौदी ने किया था, वह 23 साल के थे और दिल्ली में इंग्लैंड के खिलाफ डबल सेंचुरी जमाई थी। सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली ने क्रमशः 26 और 27 की उम्र में ऐसा किया था।
Shubman Gill ने सभी को छोड़ा पीछे
गिल SENA देशों में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले एशियाई कप्तान बन गए हैं। उनसे पहले बेस्ट स्कोर तिलकरत्ने दिलशान के नाम था, उन्होंने लॉर्ड्स में 193 रन बनाए थे। इसके अलावा भारत की तरफ से बतौर कप्तान ओवरसीज में यह दूसरा शतक आया है। कोहली ने 2016 में नॉर्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ दोहरा शतक जमाया था।
सुनील गावस्कर का कीर्तिमान ध्वस्त
गिल दोहरा शतक जड़कर और आगे चले गए, वह अब इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट में भारत की ओर से सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं। उन्होंने सुनील गावस्कर के 1979 में द ओवल पर बनाए गए 221 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
भारत के लिए अनोखी लिस्ट में शामिल
गिल ने एक और कीर्तिमान स्थापित किया है, भारत के लिए टेस्ट और वनडे दोनों में डबल सेंचुरी वाले क्लब में शामिल हो गए हैं, उनके अलावा दोनों प्रारूप में दोहरा शतक सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा ने जमाया था।
गिल अब बतौर कप्तान टेस्ट में दोहरा शतक जड़ने वाले छठे भारतीय कप्तान बन गए हैं। विराट कोहली ने यह कारनामा 7 बार किया है। सुनील गावस्कर, सचिन, मंसूर अली खान पटौदी, महेंद्र सिंह धोनी ने एक-एक दोहरा शतक जमाया था। अब गिल इस लिस्ट में आ गए हैं।
हालांकि गिल के पास तिहरा शतक जड़ने का मौका था लेकिन वह चूक गए, वह 269 रन बना आउट हो गए, भारत की पहली पारी 587 रनों के विशाल स्कोर पर समाप्त हुई। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने सर्वाधिक 3 विकेट झटके।












Click it and Unblock the Notifications