श्रेयस अय्यर की 'जबरा फैन' ने 2 घंटे तक बारिश में किया ऑटोग्राफ का इंतजार, जब मिला तो खुशी देखने लायक थी
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 21। टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच शुक्रवार को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वीन्स लैंड पार्क स्टेडियम पर खेलेगी। भारतीय टीम मंगलवार को पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंच गई थी, जहां बुधवार को टीम ने जमकर प्रैक्टिस की। हालांकि टीम का प्रैक्टिस सेशन इनडोर सेक्शन में चला, क्योंकि बुधवार को पोर्ट ऑफ स्पेन में करीब दो घंटे बारिश होती रही। इनडोर सेक्शन में टीम के अधिकतर खिलाड़ियों ने प्रैक्टिस की। इस दौरान अपने पसंदीदा क्रिकेटर की एक झलक पाने के लिए फैंस बड़ी संख्या में स्टेडियम में पहुंचे थे। इस दौरान श्रेयस अय्यर की एक 'जबरा फैन' कैमरे में कैद हुई है, जिसने 2 घंटे बारिश में अय्यर के ऑटोग्राफ का इंतजार किया।

शिजारा को मिला अय्यर का ऑटोग्राफ
हिंदुस्तान टाइम्स की खबर के मुताबिक, शिजारा नाम की एक महिला श्रेयस अय्यर के ऑटोग्राफ के लिए 2 घंटे तक स्टेडियम में रही। बारिश थमने के बाद शिजारा को अय्यर का ऑटोग्राफ मिला। इसके बाद तो शिजारा की खुशी देखने लायक थी। जर्नलिस्ट विमल कुमार के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में शिजारा ने श्रेयस अय्यर के ऑटोग्राफ मिलने की खुशी कैमरे के सामने बयां की है। ऑटोग्राफ मिलने के बाद शिजारा ने कहा कि वैसे तो वो रोहित शर्मा और केएल राहुल को बहुत पसंद करती हैं, लेकिन वो टीम का हिस्सा नहीं हैं, पर मैं उनके ऑटोग्राफ के लिए ब्रायन लारा स्टेडियम जा रही हूं।
शिजारा को रोहित और केएल राहुल के ऑटोग्राफ का है इंतजार
शिजारा ने कहा कि वो श्रेयस अय्यर की भी बहुत बड़ी फैन हैं और यहां स्टेडियम सिर्फ उन्हीं के ऑटोग्राफ के लिए आई थीं। अब ऑटोग्राफ मिलने से उन्हें बहुत खुशी हो रही है। शिजारा ने कहा कि उन्हें रोहित शर्मा और केएल राहुल बहुत पसंद हैं, लेकिन वो यहां नहीं हैं तो अब वो उनके ऑटोग्राफ के लिए ब्रायन लारा स्टेडियम जाएंगी। आपको बता दें कि वनडे सीरीज के बाद रोहित और केएल राहुल की टी20 सीरीज में वापसी होगी। यह दोनों खिलाड़ी 29 जुलाई से शुरू होने वाली टी20 सीरीज में ब्रायन लारा स्टेडियम में टीम के साथ जुड़ जाएंगे।
भारत के वेस्टइंडीज दौरे का पूरा कार्यक्रम
वनडे सीरीज
पहला वनडे- 22 जुलाई
दूसरा वनडे- 24 जुलाई
तीसरा वनडे- 27 जुलाई
टी20 सीरीज
पहला टी20- 29 जुलाई
दूसरा टी20- 1 अगस्त
तीसरा टी20- 2 अगस्त
चौथा टी20- 6 अगस्त
पांचवां टी20- 7 अगस्त












Click it and Unblock the Notifications