शोएब अख्तर बोले- T20 विश्व कप में हारेगा भारत, पाकिस्तान के पास है उनसे बेहतर टीम
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इस साल आगामी टी20 विश्व कप 2022 में भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है। अख्तर, जो वर्तमान में लीजेंड्स लीग क्रिकेट 2022 में एशिया लायंस का हिस्सा हैं, अपने समय के दाैरान कई मैच भारत के खिलाफ खेल चुके हैं और कोई भी अब तक उनके 161.3 किमी प्रति घंटे के अपने सबसे तेज डिलीवरी रिकॉर्ड को तोड़ने में कामयाब नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- IND vs SA : भारतीय टीम को लगा एक और झटका, केएल राहुल ने मानी गलती, लगा भारी जुर्माना

पाकिस्तान का खेमा भारत को हरा देगा
46 साल के अख्तर ने विराट कोहली की कप्तानी गाथा पर हालिया बयान सहित कुछ दिलचस्प राय भी दी हैं। अब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप में एमसीजी में इस साल के अंत में खेले जाने वाले भारत-पाकिस्तान मैच पर खुल कर बात की है। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि एक बार फिर पाकिस्तान का खेमा भारत को हरा देगा। द मेन इन ग्रीन ने पिछले साल विश्व कप में भारत पर अपनी पहली जीत दर्ज की। बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम ने विराट कोहली और उनकी टीम को 10 विकेट से हरा दिया और मेगा इवेंट के सेमीफाइनल में भी पहुंच गई थी। इस बीच, अख्तर पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं ताकि वह फिर से वही प्रदर्शन दोहरा सकें।

मीडिया भारतीय टीम पर दबाव बढ़ा रहा है
टी20 विश्व कप 2022 में भारत पर पाकिस्तान की जीत की भविष्यवाणी करते हुए शोएब अख्तर ने यह भी कहा कि बाबर आजम की अगुवाई वाली टीम टी20 प्रारूप में भारतीय पक्ष से बेहतर है। उन्होंने कहा कि मीडिया भारतीय टीम पर दबाव बढ़ा रहा है जो उनके पतन का कारण बना है। टाइम्स नाउ के अनुसार, अख्तर ने कहा, ''हम मेलबर्न में भारत को फिर से हराएंगे। पाकिस्तान टी20 क्रिकेट में भारत से बेहतर टीम है।'' उन्होंने कहा, "यह भारतीय मीडिया है जो अपनी टीम पर अनावश्यक दबाव बनाता है, जब भी हम दोनों देशों के क्रिकेट में संघर्ष देखते हैं, तो भारत के लिए हारना सामान्य है।"

बदला चाहेगा भारतीय खेमा
रोहित शर्मा होंगे जो पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में पहली बार भारत का नेतृत्व करेंगे। विराट कोहली ने पिछले साल टी20 विश्व कप 2021 के बाद टी20 कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। कोहली की कप्तानी में ही भारत ने 2021 टी20 विश्व कप खेला था, जिसमें पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ जीत दर्ज की थी। अब भारतीय खेमा उस हार का बदला लेना चाहेगा। टी20 विश्व कप 2022 में भारतीय टीम 23 अक्टूबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। करोड़ों भारतीयों को उम्मीद रहेगी कि रोहित की कप्तानी में टीम ना सिर्फ पाकिस्तान को हराए बल्कि दूसरा टी20 विश्व कप भी अपने नाम करे। भारत ने साल 2007 में हुए पहले सीजन को अपने नाम किया था।
पाकिस्तान को 5 बार मात दे चुका है भारत
गाैर हो कि टी20 विश्व कप में भारत का पलड़ा ही भारी रहा है, लेकिन बावजूद इसके अख्तर को अपनी टीम से जीत की उम्मीद है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप में 6 मुकाबले हुए हैं, इसमें से 5 में भारत जीता है तो एक में पाकिस्तान जीता है। भारत ने 2007 के विश्व कप में पाकिस्तान को 2 बार हराया था। पहले लीग स्टेज और फिर फाइनल में मात दी थी। इसके बाद 2012, 2014 और 2016 में पाकिस्तान को धूल चटाई थी। हालांकि, पिछले साल पाकिस्तान की टीम जीत हासिल करने में पहली बार सफल हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications