आखिर क्यों पाकिस्तानी बॉलर्स से कभी आगे नहीं निकल सकते भारतीय पेसर्स, अख्तर ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर अक्सर अपने विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। शोएब अख्तर मैदान पर अपनी तेज गेंदबाजी के अलावा सोशल मीडिया पर बेबाक अंदाज से अपने विचार रखने के लिये भी जाने जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से शोएब अख्तर लगातार भारतीय क्रिकेट, उसके खिलाड़ियों और टीम की कमियों के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। इसी फेहरिस्त में शोएब अख्तर ने अब भारत और पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों की तुलना करते हुए कहा है कि इंडियन बॉलर्स दुनिया के अच्छे गेंदबाजों में शुमार हो सकते हैं लेकिन पाकिस्तानी बॉलर्स के मुकाबले हमेशा कमजोर ही नजर आयेंगे।
और पढ़ें: WI vs ENG: डबल हैट्रिक लेकर जेसन होल्डर ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज ने 3-2 से जीती सीरीज
शोएब अख्तर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए भारतीय गेंदबाजों पर अपना पक्ष रखा और कहा कि पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम के तेज गेंदबाजों में काफी सुधार देखने को मिला है, हालांकि इसके बावजूद वो पाकिस्तानी बॉलर्स से पीछे हैं। इस दौरान शोएब अख्तर ने उस एक्स फैक्टर की भी बात की जो भारतीय गेंदबाजों में देखने को नहीं मिलती है।
और पढ़ें: जानें क्यों युवराज सिंह को 'पाई चकर' बुलाते हैं केविन पीटरसन, खुद किया खुलासा

पाकिस्तान के मुकाबले यहां कमजोर पड़ जाते हैं भारतीय
शोएब अख्तर ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज ब्रेट ली के साथ बात करते हुए भारतीय तेज गेंदबाजी की तारीफ की और बताया कि कैसे इंडियन बॉलर्स ने दुनिया भर में अपना नाम रोशन किया है, हालांकि अख्तर का मानना है कि पाकिस्तानी बॉलर्स के मुकाबले भारतीय गेंदबाजों में कम एनर्जी होती है।
उन्होंने कहा,'भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट के बीच एक बहुत बड़ा अंतर है। भारतीय क्रिकेट में आपको अच्छे तेज गेंदबाज मिलेंगे, लेकिन एक चीज की कमी जो उनमें नजर आती है वो है उस खतरनाक ऊर्जा की जो पेस बॉलर के अंदर होनी चाहिये। भारतीय गेंदबाजों के चेहरे पर आपको कभी भी वो गुस्सा नजर नहीं आयेगा या वो उस एटिट्यूड के साथ गेंदबाजी नहीं करते नजर आयेंगे जिसमें वो बल्लेबाज को कहते नजर आ रहे हैं कि बस अब मैं तुम्हें खत्म करने जा रहा हूं।'

इस वजह से दोनों देश के गेंदबाजों में आता है फर्क
शोएब अख्तर ने आगे बात करते हुए कहा कि पाकिस्तानी गेंदबाजों में आपको एनर्जी भरपूर दिखेगी और यही वजह है कि हम सालों से आपको दुनिया के सबसे खतरनाक पेस बॉलर देते जा रहे हैं। अख्तर ने दोनों देशों के गेंदबाजों की बीच आने वाले इस अंतर के पीछे की वजह पर बात करते हुए दोनों देशों के पर्यावरण और खाने को जिम्मेदार ठहराया। इस पर बात करते हुए कहा कि दोनों देशों के गेंदबाजों के बीच का यह फर्क वहां की मान्यताओं के चलते मिले हुए एटिट्यूड की वजह से है।
उन्होंने कहा,'हमारे आदर्श, हमारा खाना, हमारा माहौल यह सभी कुछ हमारे एटिट्यूड का निर्माण करता है। यही वजह है कि आपको पाकिस्तान में मेरे जैसे गेंदबाज नजर आयेंगे जो कि एनर्जी से भरपूर और तेज गेंद फेंक कर हमें सुकुन का एहसास होता है। भारत और पाकिस्तान के इन मूल्यों के अंतर की वजह से ही गेंदबाजों के व्यवहार में भी फर्क देखने को मिलता है, जिसकी वजह से वो अच्छे गेंदबाज तो बनते हैं लेकिन सर्वश्रेष्ठ नहीं बन पाते।'

मांसाहारी होने का मिलता है फायदा
शोएब अख्तर का मानना है कि पाकिस्तान के लोगों को सख्ती से मांसाहारी खाना खाने का फायदा मिलता है, जिसकी वजह से पाकिस्तान के गेंदबाज शेर की तरह मैदान पर दौड़ लगाते हैं, जबकि भारत में बॉलर्स अपनी मान्यताओं के हिसाब से डाइट फॉलो करते हैं और यही वजह है कि वो शेर नहीं बन पाते।
उन्होंने कहा,'आप जो खाते हैं वहीं बन जाते हैं, राइट? हमारे देश में लोग बहुत ज्यादा जानवर खाते हैं और इस वजह से हम जानवर जैसे बन गये हैं। जब तेज गेंदबाजी की बात होती है तो हम शेर की तरह दौड़ लगाते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications