WI vs ENG: डबल हैट्रिक लेकर जेसन होल्डर ने रचा इतिहास, वेस्टइंडीज ने 3-2 से जीती सीरीज

नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के दौरे पर 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने पहुंची इंग्लैंड की टीम के लिये चौथे मैच में वापसी करने के बाद कैरिबियाई टीम ने सीरीज के आखिरी मैच में एक बार फिर से रोमांचक खेल दिखाया और 2-2 से बराबर चल रही सीरीज को अपने नाम करने में कामयाब रही। वेस्टइंडीज की टीम ने अपने हरफनमौला खिलाड़ी जेसन होल्डर के दम पर बारबाडोस में खेले जा रहे आखिरी मैच में 17 रनों की रोमांचक जीत हासिल की और सीरीज को 3-2 से अपने नाम कर लिया। इस टी20 सीरीज की बात करें तो वेस्टइंडीज की टीम ने 9 विकेट की जीत के साथ श्रृंखला का आगाज किया था, जिसके बाद इंग्लैंड ने एक रन से जीत हासिल कर वापसी की थी।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन में क्यों नहीं उतरे मिचेल स्टार्क, अब खुद किया कारण का खुलासा
वहीं वेस्टइंडीज की टीम ने तीसरे मैच में 20 रन से जीत हासिल कर अपनी बढ़त को दोबारा हासिल कर लिया तो इंग्लैंड की टीम ने चौथे मैच में 34 रनों की जीत हासिल कर क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में अपना दम दिखाया। फाइनल मैच में भी इंग्लैंड की टीम जीत की दहलीज पर थी लेकिन आखिरी ओवर में जेसन होल्डर ने हैट्रिक लेकर न सिर्फ खेल का रुख बदल दिया बल्कि अपनी टीम को 17 रन से जीत दिलाकर सीरीज भी जिता दी।
और पढ़ें: जानें क्यों युवराज सिंह को 'पाई चकर' बुलाते हैं केविन पीटरसन, खुद किया खुलासा

ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर्स में 4 विकेट खोकर 179 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम की शुरुआत खराब रही और उसने महज 8 रन पर ही अपना पहला विकेट खो दिया। इंग्लैंड की टीम लगातार अंतराल पर अपने विकेट खो रही थी लेकिन जेम्स विंस (55) के अर्धशतक और सैम बिलिंग्स (41) की आतिशी पारी के दम पर इंग्लिश टीम मैच में बरकरार रही। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिये 20 रन की दरकार थी और इंग्लैंड के लिये सैम बिलिंग्स और क्रिस जॉर्डन बल्लेबाजी कर रहे थे।
जेसन होल्डर ने ओवर की पहली गेंद ही नो बॉल फेंकी जिस पर बिलिंग्स ने एक रन ले लिया। जॉर्डन को फ्री हिट मिली लेकिन वो इसका फायदा नहीं उठा सके और एक भी रन नहीं बनाया। इसके बाद जेसन होल्डर ने लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट लेकर इंग्लैंड की टीम को 162 रन पर ऑल आउट कर दिया और अपनी टीम को 17 रन की रोमांचक जीत दिला दी।

होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिये रचा इतिहास
जेसन होल्डर ने आखिरी ओवर में डबल हैट्रिक लेकर न सिर्फ इंग्लैंड की उम्मीदों को समाप्त किया बल्कि वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के लिये अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज भी बन गये। जेसन होल्डर ने लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट हासिल किये जबकि ओवर ऑल 2.5 ओवर्स का स्पेल फेंककर उन्होंने 5 विकेट हासिल किये। जेसन होल्डर अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 4 गेंदों पर 4 विकेट हासिल करने वाले दुनिया के चौथे गेंदबाज बन गये हैं। जेसन होल्डर से पहले यह कारनामा अफगानिस्तान के राशिद खान (बनाम आयरलैंड, 2009), लसिथ मलिंगा (बनाम न्यूजीलैंड, 2019) और कर्टिस कैम्फर (बनाम नीदरलैंडस, 2021) ने कर के दिखाया है।
उल्लेखनीय है कि क्रिकेट के इतिहास में लगातार 3 गेंदों पर 3 विकेट हासिल करने को हैट्रिक लेना कहते हैं जबकि 4 गेंदों में 4 विकेट हासिल करने पर यह डबल हैट्रिक हो जाती है।

होल्डर ने ऐसे पूरी की अपनी हैट्रिक
डबल हैट्रिक चटकाने के मामले में जहां जेसन होल्डर दुनिया के चौथे गेंदबाज बने हैं तो वहीं पर हैट्रिक चटकाने के मामले में वह दुनिया के 27वें गेंदबाज बने हैं। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट के इतिहास में ब्रेट ली ने सबसे पहली हैट्रिक चटकाई थी। जेसन होल्डर ने 11वें ओवर की पहली गेंद पर मोइन अली (14) का विकेट लेकर इस मैच में अपना खाता खोला था, जिसके बाद वो थोड़े महंगे साबित हुए और अपने 2 ओवर के स्पेल में 25 रन दे डाले। कप्तान कायरन पोलार्ड ने मैच के आखिरी ओवर में उन्हें टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी दी, जिसे निभाते हुए होल्डर ने ओवर की दूसरी गेंद पर पहले क्रिस जॉर्डन (7) को हेडेन वॉल्श के हाथों कैच कराया, तो वहीं अगली गेंद पर खतरनाक अंदाज से बल्लेबाजी कर रहे सैम बिलिंग्स को भी वापस पवेलियन भेज दिया। होल्डर ने आदिल राशिद का विकेट लेकर अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में अपनी हैट्रिक पूरी कर वेस्टइंडीज के लिये इतिहास रच दिया तो वहीं पर पांचवी गेंद पर शाकिब महमूद को बोल्ड मारकर डबल हैट्रिक पूरी कर ली।












Click it and Unblock the Notifications