कौन हैं क्रिकेट की दुनिया के टॉप 3 ऑल टाइम ग्रेट खिलाड़ी, शोएब अख्तर ने लिया इन 3 दिग्गजों का नाम
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में अक्सर फैन्स के बीच एक बहस हमेशा देखने को मिलती है जिसमें एक पीढ़ी के दिग्गजों को दूसरे पीढ़ी के दिग्गजों से बेहतर बताने की कवायद नजर आती है। वहीं फैन्स के बीच हमेशा ये सवाल बना रहता है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के 145 सालों में हुए सबसे महान खिलाड़ियों में से कौन से खिलाड़ी ऑल टाइम ग्रेट की लिस्ट में टॉप 3 पर काबिज हैं। हर फैन अपनी पसंद के अनुसार इसका चयन करता नजर आता है और पिछले कुछ सालों में कुछ दिग्गज क्रिकेटर्स भी इस पर अपनी राय रखते नजर आये हैं।

इस फेहरिस्त में जुड़ने वाला अगला नाम पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का है जिन्होंने मशहूर कॉमेडियन तन्मय भट्ट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए सार्वकालिक महान क्रिकेटर्स की लिस्ट के टॉप 3 खिलाड़ियों के नाम का चयन किया है।
और पढ़ें: 'सिर्फ एक गलती खत्म कर सकती है गेंदबाज का करियर', ICC के नये नियमों पर अश्विन ने तोड़ी चुप्पी

ये हैं दुनिया के 3 ऑलटाइम ग्रेट
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम और हाल ही में स्वर्ग सिधारने वाले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वॉर्न को क्रिकेट के सार्वकालिक महान खिलाड़ियों के टॉप 3 पर काबिज बताया। अख्तर ने यह बात शेन वॉर्न को श्रद्धांजलि देते हुए कही।
उन्होंने तन्मय भट को दिये एक इंटरव्यू के दौरान कहा,'शेन वॉर्न एक बड़े दिल वाले खिलाड़ी थे और वो हमेशा दूसरों की मदद करने को तैयार रहते थे। वो जिनके दोस्त थे उनके लिये बहुत ही ज्यादा अच्छे थे और दुनिया के सबसे महान गेंदबाजों में से एक थे।'

शेन वॉर्न के अंदर छुपा था तेज गेंदबाज
अख्तर का मानना है कि शेन वॉर्न के अंदर एक तेज गेंदबाज छुपा हुआ था और वो उसी तरह के स्पिन गेंदबाज थे। उन्होंने आगे बात करते हुए कहा कि मैं उनकी मौत की खबर सुनकर काफी दुखी हुआ था क्योंकि वो हमारे बीच से काफी जल्दी चले गये। मेरे लिये सार्वकालिक खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप 3 वसीम, शेन वॉर्न और सचिन हैं। गौरतलब है कि शेन वॉर्न इस महीने 4 मार्च को थाईलैंड के कोह समुई में अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने पहुंचे थे जहां पर उन्हें संदिग्ध रूप से दिल का दौरा पड़ा और वो 52 साल की उम्र में दुनिया छोड़कर चले गये।

द हंड्रेड ने आगे खिसकायी तारीख
वार्न को लेग स्पिन गेंदबाजी को दोबारा जिंदा करने का श्रेय दिया जाता है जिन्होंने अपने 15 साल के अंतर्राष्ट्रीय करियर में 145 टेस्ट मैच खेलकर 708 विकेट हासिल किये थे। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 30 मार्च को शेन वॉर्न का स्टेट फ्यूनरल रखा गया है जिससे तकरार से बचने के लिये ईसीबी ने द हंड्रेड के महिला संस्करण के खिलाड़ियों के ड्रॉफ्ट अनाउंसमेंट की तारीख को आगे खिसका कर 5 अप्राल कर दिया है। आपको बता दें कि द हंड्रेड के पहले सीजन के दौरान शेन वॉर्न ने लंदन स्पिरिट की पुरुष टीम के कोच की भूमिका अदा की थी और इस बार फिर से नेतृत्व करने की तैयारी कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications