Shikhar Dhawan: क्रिकेट से संन्यास के बाद नई पारी की तैयारी में शिखर धवन! जानिए अब कहां नजर आएंगे गब्बर?
Shikhar Dhawan Retirement: शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट दोनों से संन्यास की घोषणा कर फैंस को मायूस कर दिया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज के जरिए फैंस और एसोसिएशनों के सपोर्ट के लिए आभार व्यक्त किया। धवन ने आखिरी बार 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन अब जब उन्होंने क्रिकेट से संन्यास ले लिया है तो उनका अगला कदम क्या होगा?
'अब समय आ गया है कि मैं संन्यास ले लूं'
दरअसल, हिंदुस्तान टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में धवन ने संन्यास लेने के अपने फैसले पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि, 'मुश्किल नहीं, लेकिन यह भावनात्मक है, हां- लेकिन इस अर्थ में नहीं कि मैं इसके बारे में दुखी हूं। मैं कृतज्ञता और प्रेम की भावना महसूस करता हूं। मैंने अपना आधा जीवन क्रिकेट को दिया है, और अब समय आ गया है कि मैं संन्यास ले लूं, या यूं कहें कि इसे 'विश्राम' दे दूं।'

'मैं कुछ नया और बड़ा करना चाहूंगा'
इंटरव्यू में जब धवन से पूछा गया कि वे किस दिशा में अपनी नई पारी शुरू करेंगे क्योंकि अमूमन क्रिकेटर संन्यास के बाद कमेंट्री का रुख करते हैं? उन्होंने इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, 'मुझे लगता है कि जब मैं पहले से ही 20 रुपए कमा रहा हूं तो ऐसा कुछ क्यों करूं जिससे मुझे 15 रुपए की कमाई हो।' उन्होंने आगे कहा कि, हालांकि, कमेंट्री का विकल्प हमेशा रहेगा। मगर मैं कुछ नया और बड़ा करना चाहूंगा। मैं अब और ऊंची छलांग लगाना चाहता हूं, क्योंकि अब गिरने से डर नहीं लगता है।
धवन ने अपनी बायोपिक को लेकर कही ये दिलचस्प बात
धवन से जब पूछा गया कि अगर उनकी बायोपिक बनती है तो क्या उसमें अभिनय करना चाहेंगे? या फिर किसी एक्टर को देखना चाहेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि, अगर मैं फिल्म में कुछ जोड़ सकता हूं तो जरूर अभिनय करना चाहूंगा दूसरे एक्टर की बात करूं तो अक्षय कुमार या रणवीर सिंह को देखना चाहूंगा।
क्रिकेट में धवन की विरासत
सॉनेट क्लब के सदस्य और पश्चिमी दिल्ली के रहने वाले धवन ने भारत के लिए 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी20 मैच खेले हैं। हालांकि, हाल ही में खराब फॉर्म और यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे युवा खिलाड़ियों के आने के कारण वे टीम से बाहर हो गए थे। धवन का सबसे महत्वपूर्ण योगदान 50 ओवर के प्रारूप में रहा, जहां उन्होंने 44.11 की औसत से 6793 रन बनाए, जिसमें 17 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में, उन्होंने 40.61 की औसत से 2315 रन और सात शतक बनाए।
ये भी पढ़िए- Shikhar Dhawan Net Worth: लग्जरी कारों से लेकर आलीशान घर तक! शिखर धवन की नेटवर्थ उड़ा देगी होश
भारतीय क्रिकेट के लिए एक युग का अंत
खेल से दूर होने के बावजूद, धवन अपने भविष्य के प्रयासों के प्रति आशावादी हैं और अपने प्रशंसकों से मिल रहे प्यार का आनंद ले रहे हैं। धवन का संन्यास भारतीय क्रिकेट के लिए एक युग का अंत है क्योंकि वह जीवन के एक नए चरण में प्रवेश कर रहे हैं और अपने पीछे कई लोगों के लिए एक विरासत छोड़ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications