संन्यास के बाद एक फिर गरजेगा 'गब्बर' का बल्ला, खुद वीडियो शेयर कर किया बड़ा खुलासा
Shikhar Dhawan In Nets: पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हैं। 38 वर्षीय धवन लीजेंड्स लीग क्रिकेट में हिस्सा लेंगे। सोमवार को धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह अपनी बल्लेबाजी का अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। धवन ने हाल ही में एक वीडियो संदेश के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
शिखर धवन की क्रिकेट में वापसी
शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के अगले दिन बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने लीजेंड्स लीग में अपनी भागीदारी की पुष्टि की। वह गुजरात ग्रेट्स का प्रतिनिधित्व करेंगे और लीग के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। अपने अभ्यास वीडियो में धवन ने लिखा कि वापस आकर अच्छा लग रहा है।

इन खिलाड़ियों का रहेगा जलवा
लीजेंड्स लीग क्रिकेट का दूसरा सीजन 20 सितंबर से 16 अक्टूबर तक चलेगा। मैच जोधपुर, सूरत, जम्मू और श्रीनगर में खेले जाएंगे। शिखर धवन, दिनेश कार्तिक, अंबाती रायडू, धवल कुलकर्णी और केदार जाधव जैसे भारतीय दिग्गजों के डेब्यू के साथ यह सीजन खास होने वाला है। पिछले सीजन में हरभजन सिंह, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, आरोन फिंच, मार्टिन गुप्टिल, गौतम गंभीर, क्रिस गेल, हाशिम अमला और रॉस टेलर जैसे पूर्व अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ-साथ 110 अन्य दिग्गज क्रिकेटरों ने भाग लिया था।
शिखर धवन का टेस्ट करियर
शिखर धवन ने साल 2013 में मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने 2018 तक 34 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने 40.61 की औसत से 2315 रन बनाए, जिसमें सात शतक और पाँच अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट में उनका उच्चतम स्कोर 190 रन है।
वनडे और टी20 में ऐसा रहा प्रदर्शन
शिखर धवन ने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापत्तनम में भारत के लिए वनडे में डेब्यू किया था। उन्होंने 167 मैचों में 44.11 की औसत और 91.35 की स्ट्राइक रेट से 6793 रन बनाए हैं। उनके वनडे करियर में 17 शतक और 39 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में धवन ने 68 मैचों में 27.92 की औसत और 126.36 की स्ट्राइक रेट से 1759 रन बनाए हैं। उन्होंने इस प्रारूप में ग्यारह अर्धशतक भी लगाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications